खिलाड़ियों को सभी आधुनिक सुविधाएं दे रही सरकार : हेमंत सोरेन
ABN Bureau• 24 Aug, 2021
1 Views
विज्ञापन
रांची। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मंगलवार को तीरंदाज दीपिका कुमारी एवं अतनु दास को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। श्री सोरेन ने कहा कि खिलाड़ियों को आधुनिक सुविधा प्रदान कर रही राज्य सरकार। उन्होंने कहा कि खेल और खिलाड़ियों के उत्थान के लिए बेहतर खेल नीति बनी है। खेल प्रतिभाओं को प्लेटफार्म देना राज्य सरकार का संकल्प है। इस दौरान दीपिका कुमारी एवं अतनु दास ने मुख्यमंत्री के समक्ष विगत दिनों आयोजित हुए टोक्यो ओलंपिक 2020 के अनुभवों को साझा किया। इन दोनों तीरंदाजी खिलाड़ियों ने राज्य सरकार द्वारा खेल प्रतिभाओं को मिल रहे सहयोग के लिए उन्हें धन्यवाद दिया। तीरंदाज दीपिका ने सीएम से कहा कि वह आगामी प्रतियोगिता में झारखंड और देश का नाम रोशन करने के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने की कोशिश करेगी। सीएम ने टोक्यो ओलंपिक 2020 में दोनों के बेहतर प्रदर्शन की सराहना की। उन्होंने कहा कि खेल में हार जीत लगी रहती है। उन्होंने दीपिका कुमारी से कहा कि राज्य और देश को अपनी उपलब्धियों से गौरवान्वित करना जारी रखने के लिए आप कड़ी मेहनत करें। सीएम ने कहा कि झारखंड में खेल को आगे बढ़ाने के लिए बेहतर खेल पॉलिसी हमारी सरकार ने बनायी है। इसके तहत खिलाड़ियों की सीधी नियुक्ति भी हुई है। यहां के खिलाड़ियों को बेहतर और आधुनिक सुविधा प्रदान करने हेतु राज्य सरकार प्रतिबद्ध है। राज्य के खिलाड़ी विश्व में अपने प्रदर्शन से राज्य का नाम रोशन करें, इसके लिए राज्य सरकार उन्हें जरूरत की सभी सुविधाएं उपलब्ध करा रही है। उन्होंने दीपिका कुमारी एवं अतनु दास से कहा कि आप अपने प्रदर्शन से देश और दुनिया में राज्य का मान. सम्मान बढ़ाते रहें। दीपिका कुमारी से कहा कि राज्य के लिए यह गर्व की बात है कि आप तीरंदाजी खेल में इतनी दूर तक पहुंची हैं। उन्होंने कहा कि हमारी सोच है कि यहां के खिलाड़ी जिस ट्रेक में खेलें वहां अधिक से अधिक बेहतर प्रदर्शन करें। खेल पॉलिसी में खिलाड़ियों से संबंधित सभी चीजों का ख्याल रखा गया है। मौके पर हेमन्त सोरेन ने दोनों अंतर्राष्ट्रीय तीरंदाजी खिलाड़ी दीपिका कुमारी एवं अतनु दास एवं उनके परिजन शिव नारायण महतो एवं गीता देवी को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। मौके पर राज्य के मुख्य सचिव सुखदेव सिंह एवं मुख्यमंत्री के सचिव विनय कुमार चौबे उपस्थित थे।