टीम एबीएन, रांची। झारखंड हाईकोर्ट के पूर्व न्यायाधीश अमिताभ कुमार गुप्ता राज्य विद्युत नियामक आयोग के अध्यक्ष बने हैं उन्हें राज्यपाल रमेश बैस आज राजभवन में शपथ दिलायेंगे। थोड़ी देर में राजभवन में शपथ ग्रहण समारोह होगा।
बता दें कि अमिताभ कुमार गुप्ता के चयन को लेकर इसी माह 9 सितंबर को अधिसूचना जारी की गई थी। शपथ ग्रहण के बाद वह आयोग में अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी 5 वर्ष या 65 वर्ष की अधिकतम उम्र तक के लिए संभालेंगे। आपको बता दें कि लंबे समय झारखंड राज्य विद्युत नियामक आयोग में अध्यक्ष का पद रिक्त था। बता दें कि पूर्व न्यायाधीश अमिताभ कुमार गुप्ता के चयन से आयोग के काम में तेजी आयेगी। अनुमान लगाया जा रहा है कि उनके पदभार ग्रहण करने के बाद राज्य में बिजली के नये दरों का निर्धारण संभव है। बता दें कि अध्यक्ष और सदस्यों की नियुक्ति को लेकर हाईकोर्ट मॉनिटरिंग कर रहा था। इसी साल मई माह में सेवानिवृत्त प्रधान जिला न्यायाधीश महेंद्र प्रसाद सदस्य विधि और झारखंड ऊर्जा संचरण निगम के सेवानिवृत्त परियोजना निदेशक अतुल कुमार को सदस्य तकनीक बनाया गया था।