एबीएन सेंट्रल डेस्क। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अफ्रीका से लाए जाने वाले चीतों को अगले सप्ताह मध्यप्रदेश के श्योपुर जिले के कुनो राष्ट्रीय उद्यान में (केएनपी) के दो बाड़ों में छोड़ेंगे। अधिकारियों ने इसकी जानकारी दी। चीतों को देश में बसाने की भारत की महत्वाकांक्षी परियोजना के तहत नर एवं मादा चीतों को अफ्रीका के नमीबिया से यहां लाया जा रहा है। पांच नर और तीन मादा चीतों के 17 सितंबर को नामीबिया से केएनपी पहुंचने की उम्मीद है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने जन्मदिन के मौके पर इस परियोजना की शुरुआत करेंगे। अधिकारियों ने कहा कि इन चीतों को बड़े स्थानों पर स्थानांतरित करने के पहले शुरू में छोटे लेकिन खुले बाड़े में रखा जायेगा और जब वे एक बार स्थानीय वातावरण के साथ अभ्यस्त हो जायेंगे, तो विशेषज्ञों द्वारा समीक्षा के बाद नर चीतों को खुले वन क्षेत्रों में छोड़ दिया जाएगा। इसके बाद मादा चीतों को मानक प्रोटोकॉल के अनुसार छोड़ा जाएगा। आमतौर पर नर चीते जंगल में दो से तीन के छोटे समूह में रहते हैं।
गौरतलब हो कि देश में अंतिम चीते की मृत्यु 1947 में कोरिया जिले में हुई थी, जो वर्तमान छत्तीसगढ़ में है। इस प्रजाति को 1952 में भारत से विलुप्त घोषित किया गया था। अफ्रीका चीता इंट्रोडक्शन प्रोजेक्ट इन इंडिया 2009 से चल रहा है, जिसने हाल ही के कुछ सालों में गति पकड़ी है। भारत ने चीते लाने के लिए नामीबिया सरकार के साथ समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए हैं।