टीम एबीएन, रांची। झारखंड सरकार के स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग ने सभी शिक्षकों, कर्मियों और पदाधिकारियों के लिए मानव संपदा पोर्टल यानी एचआरएमएस पर ऑनलाइन छुट्टी प्रबंधन माड्यूल को अपनाने का निर्णय लिया है। यानी सरकारी विद्यालयों के शिक्षकों समेत शिक्षा विभाग के सभी स्थायी कर्मियों के अवकाश की पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन होगी। वहीं विभाग की तरफ से जारी पत्र के मुताबिक मेटरनिटी अवकाश भी विद्यालय के प्रधानाध्यापक स्वीकृत करेंगे। यानी अब सरकारी शिक्षकों और कर्मियों को छुट्टी लेने के लिए कार्यालय के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे और न ही अफसरों की जी हुजूरी करनी होगी।
डिजिटलाइजेशन के बढ़ते ट्रेंड का फायदा अब झारखंड के सरकारी स्कूल के शिक्षक भी ले सकेंगे। वहीं अलग-अलग कोटि के अवकाश की मंजूरी की जिम्मेदारी अलग-अलग पदाधिकारियों को सौंपी गई है।
इसके साथ ही आपको बता दें कि यदि किसी कारण एचआरएमएस पोर्टल में छुट्टी स्वीकृत करने को लेकर निर्धारित समय के अंदर आवेदन की स्वीकृति नहीं हो पाती है तो ऐसी स्थिति में अवकाश स्वीकृत माना जायेगा। दूसरी तरफ यदि छुट्टी स्वीकृत करने वाले पदाधिकारी लगातार तीन बार निर्धारित समय सीमा के अंदर छुट्टी के आवेदन पर कोई कार्रवाई नहीं करते हैं, तो अवकाश स्वीकृत करने वाले प्राधिकारी के नियंत्री पदाधिकारी को इसकी जानकारी दी जायेगी। वहीं छुट्टी के लिए दिये जाने वाले आवेदन में आवेदन की तिथि निश्चित रूप से लिखने को कहा गया है। बता दें कि छुट्टी स्वीकृति प्राधिकार द्वारा लगातार तीन बार निर्धारित समय-सीमा के अंदर छुट्टी आवेदनों पर कोई पहल नहीं करने पर संबंधित अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई हो सकती है।