टीम एबीएन, रांची। राजधानी रांची में मुहर्रम और विश्व आदिवासी दिवस को देखते हुए ट्रैफिक रूट बदले गये थे। इस दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम देखा गया। इसके साथ ही आदिवासी दिवस पर यातायात व्यवस्था बाधित नहीं हो। इसको लेकर वैकल्पिक बदलाव किया गया है। शहर की ट्रैफिक व्यवस्था सुदृढ़ रहे। इसको लेकर प्रत्येक चौक-चौराहों पर पुलिस बल की तैनाती की गई है। वहीं, मुहर्रम को लेकर जिला प्रशासन अलर्ट है और रांची पुलिस की ओर से फ्लैग मार्च निकाला। विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर 9 और 10 अगस्त मोरहाबादी मैदान में कई कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं। इन कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में आदिवासी समाज के लोगों के आने की संभावना है। संभावित भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन की ओर से यातायात व्यवस्था में आंशिक बदलाव किया गया है। आदिवासी दिवस के कार्यक्रम को लेकर मोरहाबादी इलाके में भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगा दी गई है। इसके साथ ही शहर में 17 स्थानों पर ड्राप गेट बनाए गए हैं। इसके साथ ही दूसरे जिले और शहरी क्षेत्र से कार्यक्रम में आने वाले वाहनों के लिए मोरहाबादी मैदान के आसपास पार्किंग की व्यवस्था की गई है। मुख्यमंत्री, सांसद, विधायक और अन्य वीवीआईपी का कारकेड एटीआई मोड़ से सिद्धू-कान्हू पार्क मोड़ से रांची कॉलेज, स्टेट गेस्ट हाउस से बांये मुड़कर वीवीआइपी प्रवेश द्वार के सामने पार्किंग स्थल बनाये गए हैं, जहां वीवीआईपी की वाहन खड़ी करने की व्यवस्था की गई है। इसके साथ ही विभिन्न जिलों से कार्यक्रम में भाग लेने आने वाले वाहन करमटोली चौक, बोड़िया रोड होते हुए मोरहाबादी स्थित आर्मी ग्राउंड में बने पार्किंग में गाड़ी खड़ी करेंगे। इसका प्रवेश और निकासी आर्मी मैदान के पास बने गेट से होगी। वहीं, केंद्र और राज्य सरकार के पदाधिकारियों की गाड़ी कांके रोड, रातू रोड या हरमू रोड से आते हैं तो उन्हें कांके चौक, एटीआई मोड़, रणधीर वर्मा चौक, एसएसपी आवास, डीसी आवास से आएंगे और नीलांबर-पीतांबर पार्क के सामने बने पार्किंग में वाहन पार्क करेंगे। डीसी आवास मोड़ से हॉकी स्टेडियम तक कोई पार्किंग नहीं होगी। इसके साथ ही रांची कॉलेज मोड़ से वीवीआईपी इंट्र गेट तक वाहन खड़ी करने पर रोक लगाई गई है। डीसी आवास से मोरहाबादी की तरफ जाने वाले रोड पर सिर्फ वीआईपी वाहन प्रवेश होंगे। शेष सभी वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी। दीनदयाल नगर की तरफ से डीसी आवास होकर मोरहाबादी जाने वाली सड़क पर सामान्य वाहनों का प्रवेश वर्जित किया गया है। शिबू सोरेन आवास के बगल वाली सड़क पर वाहनों का प्रवेश वर्जित रहेगा। आर्मी मैदान के सामने वाले मार्ग पर कार्यक्रम में भाग लेने वाले पदाधिकारी, मीडियाकर्मी के वाहनों को छोड़कर अन्य वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी। रजिस्ट्री आॅफिस से मोरहाबादी की तरह जाने वाले मार्ग पर वाहनों का प्रवेश वर्जित रहेगा।
रांची जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन मुहर्रम और आदिवासी दिवस को लेकर सतर्क है। यही वजह है कि रांची पुलिस और जिला प्रशासन ने फ्लैग मार्च निकाला। इसके साथ ही अतिसंवेदनशीन और संवेदनशील जगहों के साथ साथ चौक-चौराहों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गयी है। रांची उपायुक्त ने कहा कि सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए है। उन्होंने कहा कि मुहर्रम को देखते हुए सोशल मीडिया पर पुलिस की पैनी नजर है। अफवाह फैलाने वाली मैसेज पर बारीकी से नजर रखी जा रही है। उन्होंने कहा कि सिविल ड्रेस में भी पुलिस की तैनाती की गई है, जो असामाजिक तत्वों पर नजर रख रही है।