टीम एबीएन, रांची। सीएम हेमंत सोरेन ने वन महोत्सव 2022 की शुरूआत की है। इस मौके पर राज्य में पर्यावरण को संरक्षित करने के लिए राज्य सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। जिसके तहत लोगों को अपने घरों के कैंपस में पेड़ लगाने पर झारखंड सरकार प्रति पेड़ 5 यूनिट बिजली फ्री में देगी। वन एवं पर्यावरण विभाग द्वारा आयोजित 73 वें वन महोत्सव के दौरान इसकी घोषणा मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने की। आईआईएम सभागार में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने राज्य में वनों की कटाई पर चिंता जताते हुए लोगों से पेड़ लगाने की अपील की। इस मौके पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने आईआईएम कैंपस में सखुआ का पेड़ लगाकर वन महोत्सव की शुरूआत की। इस अवसर पर हटिया विधायक नवीन जायसवाल की मौजुदगी में मुख्यमंत्री ने गुब्बारा छोड़कर वन संरक्षण के प्रति संदेश देने का काम किया। इस मौके पर सीएम हेमंत सोरेन ने संबोधित करते हुए कहा कि आज वनों को लेकर हमलोगों की चिंता बढ़ी हुई है। दुनिया में इसको लेकर बड़ी बड़ी गोष्ठियां हो रही हैं। लेकिन मेरा मानना है कि इस धरती का कोई दुश्मन है तो मनुष्य से बड़ा कोई दुश्मन नहीं है जो बनाता भी है और बिगाड़ता भी है। मुख्यमंत्री ने देश के विभिन्न राज्यों में उत्पन्न हुई सुखाड़ की स्थिति के लिए पर्यावरण संकट को वजह मानते हुए लोगों को सचेत किया। झारखंड का लगभग 30 प्रतिशत क्षेत्र वन से आच्छादित है। विकास आयुक्त अरुण कुमार सिंह ने संबोधित करते हुए कहा कि जलवायु परिवर्तन एक बहुत बड़ी चुनौती है। अधिक से अधिक पेड़ लगाने की आवश्यकता है। फल, जलावन, जल संरक्षण आदि के दृष्टि से इसका खास महत्व है। उन्होंने कहा कि विभाग द्वारा इस वर्ष 2 लाख 34 हजार पेड़ लगाने का लक्ष्य है। लोगों से पेड़ लगाने की अपील करते हुए कहा कि हम इको टूरिज्म से रोजगार का साधन उपलब्ध करा सकते हैं।