टीम एबीएन, रांची। झारखंड में महिलाओं की सुरक्षा के लिए राज्य सरकार बड़ा कदम उठाने जा रही है। इसके लिए निर्भया फंड के 61 करोड़ 30 लाख रुपये खर्च करने की योजना बनी है। स्कूल-कालेज में पढ़ने वाली छात्राएं, कामकाजी महिलाएं घर से बाहर व बाहर से घर सुरक्षित पहुंच सकें, इसे लेकर सरकार गंभीर है। पूर्व में भी मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने पुलिस मुख्यालय को इस संबंध में निर्देशित किया था और यह भी आश्वस्त किया था कि महिलाओं की सुरक्षा में फंड की कमी बाधक नहीं बनेगी। सरकार के निर्देश पर पुलिस मुख्यालय ने जो प्रस्ताव सरकार को दिया है, उसके अनुसार निर्भया फंड की उक्त राशि से 300 चार पहिया व 200 दोपहिया वाहनों की खरीद के अलावा डेढ़ लाख क्यूआर कोड खरीदे जाएंगे। ये क्यूआर कोड सभी आटो, टैक्सी, कैब में लगाए जाएंगे ताकि पैसेंजर ही नहीं, दूसरा व्यक्ति भी उसे देख सके। ऐसा होने से उक्त क्यूआर कोड को स्कैन करते ही गाड़ी व गाड़ी के चालक का पूरा ब्योरा व मोबाइल पर आ जाएगा।