Breaking
ताज़ा समाचार लोड हो रहा है...
होम देश झारखंड खेल समाचार राज काज कानून व्यवस्था करियर बिजनेस वर्ल्ड हेल्थ विचार ज्ञान विज्ञान समाज वन और पर्यावरण मनोरंजन बिहार विज्ञापन
राज काज

राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम को प्रभावी तौर पर लागू करना आयोग की कोशिश : अध्यक्ष

शेयर करें: WhatsApp Facebook X
राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम को प्रभावी तौर पर लागू करना आयोग की कोशिश : अध्यक्ष
विज्ञापन
टीम एबीएन, पलामू/रांची। राज्य खाद्य आयोग के अध्यक्ष हिमांशु शेखर चौधरी, सदस्य शबनम परवीन एवं आयोग की टीम रविवार की शाम पलामू पहुंची। पलामू आगमन के उपरांत अध्यक्ष हिमांशु शेखर चौधरी ने स्थानीय सर्किट हाउस में अधिकारियों के संग परिचयात्मक बैठक कर राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम से जुड़ी शिकायत एवं समस्याओं की जानकारी ली। अध्यक्ष हिमांशु शेखर चौधरी ने कहा कि राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम को प्रभावी तौर पर लागू कराना खाद्य आयोग की कोशिश है। अधिकारियों को भी यदि इससे संबंधित जानकारी नहीं है, तो उन्हें भी इससे संबंधित अपडेट एवं जनता को भी इस संबंध में जागरूक किया जाए। जबतक जनता अधिकार नहीं जानेगी, तबतक वह अधिकार नहीं मांगेगी। पलामू भ्रमण के दौरान जनता को अधिकार बताने के लिए जनसुनवाई एवं पंचायतों के मुखिया से संवाद आदि का कार्यक्रम रखे गये हैं। उन्होंने कहा कि उनकी कोशिश है कि लोग अधिकार जाने और अधिकार मांगे। उन्होंने कहा कि पलामू भ्रमण के दौरान पलामू जिले से संबंधित आयोग में लंबित मामलों की सुनवाई की जाएगी। आयोग की कोशिश है कि जनता को किसी तरह की कोई कठिनाई नहीं हो। उन्हें या यहां के अधिकारियों को रांची जाने की जरूरत नहीं पड़े। रांची आने-जाने में समय और आर्थिक क्षति होती है और कामकाज भी प्रभावित होता है, इसीलिए आयोग जिलों में जाकर ही सुनवाई करने का निर्णय लिया है। साथ ही मुखिया के माध्यम से राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के संबंध में हर व्यक्ति को जागरूक करने की कोशिश है। उन्होंने कहा कि कोई भी व्यक्ति, जिसने जिला शिकायत निवारण पदाधिकारी के समक्ष या आयोग में शिकायत दर्ज नहीं की है, वे लोग भी राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम से जुड़ी शिकायत या समस्या लेकर जनसुनवाई में आ सकते हैं। उन शिकायत एवं समस्याओं का निदान किया जाएगा। पलामू भ्रमण के दौरान आयोग की टीम राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम से संबंधित लंबित परिवाद पत्र की सुनवाई तथा जिले के सभी पंचायतों के मुखिया से संवाद एवं प्रेस प्रतिनिधियों के साथ प्रेसवार्ता करेंगे। 18 जुलाई को पूर्वाहन 10:30 बजे से 12:30 बजे तक परिसदन भवन में जनसुनवाई तथा अपराह्न 2 बजे से शाम 5 बजे तक के बीच स्थानीय टाउन हॉल में विभिन्न प्रखंडों के पंचायतों के मुखिया से संवाद करेंगे। 19 जुलाई को पूर्वाहन 10 बजे से अपराह्न 12 बजे तक अनुमंडल कार्यालय, हुसैनाबाद में मुखिया से संवाद करेंगे। वहीं 2 बजे अपराह्न से शाम 5 बजे तक अनुमंडल कार्यालय, छतरपुर में मुखिया से संवाद करेंगे। 20 जुलाई को पूर्वाह्न 10:30 बजे से अपराह्न 1 बजे तक परिसदन भवन में खाद्य सुरक्षा अधिनियम से अच्छादित योजना, जनवितरण, मध्याह्न भोजन, आंगनबाड़ी केंद्र एवं प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना आदि से संबंधित जनसुनवाई करेंगे। वहीं 1 बजे के बाद परिसदन भवन में ही संवाददाता सम्मेलन करेंगे। राज्य खाद्य आयोग के अध्यक्ष हिमांशु शेखर चौधरी, सदस्य शबनम परवीन एवं आयोग की टीम में विनोद कुमार वर्मा, संदीप कुमार एवं जियाउल रहमान पलामू पहुंचे हैं। आयोग की टीम को पलामू पहुंचने पर अपर समाहर्ता-सह-जिला शिकायत निवारण पदाधिकारी सुरजीत कुमार सिंह, नजारत उप समाहर्ता शैलेश कुमार, जिला आपूर्ति पदाधिकारी शब्बीर अहमद, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी संध्या रानी आदि उपस्थित थे।
विज्ञापन