टीम एबीएन, रांची। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, झारखंड के देवघर जिले में त्रिकूट पहाड़ पर हुए रोप-वे हादसे के रेस्क्यू ऑपरेशन में शामिल रहे जवानों से बात कर रहे हैं। पीएम मोदी देवघर रेस्क्यू ऑपरेशन में शामिल भारतीय वायुसेना, भारतीय सेना, एनडीआरएफ, आईटीबीपी, स्थानीय प्रशासन और नागरिक समाज के कर्मियों से बात कर वहां की स्थिति और ऑपरेशन में आने वाली दिक्कतों के बारे में जानकारी ले रहे हैं। बता दें कि इस हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई थी जबकि 60 से ज्यादा लोगों को रेस्क्यू ऑपरेशन के जरिए बचा लिया गया है। इस खास बातचीत के दौरान गृह मंत्री अमित शाह ने देवघर रेस्क्यू ऑपरेशन में शामिल जवानों को बधाई दी। उन्होंने कहा मैं एनडीआरएफ, वायु सेना, आईटीबीपी, सेना, जिला प्रशासन के सभी प्रतिनिधियों को बधाई और धन्यवाद देता हूं, जिन्होंने बहुत ही कठिन ऑपरेशन को धैर्यपूर्वक तरीके से अंजाम दिया। उन्होंने कहा कि रेस्क्यू ऑपरेशन में शामिल सभी एजेंसियों ने बहुत कम समय में अच्छे तालमेल के साथ कम से कम नुकसान के साथ ऑपरेशन को अंजाम दिया।