टीम एबीएन, रांची। झारखंड में जल्द पंचायत चुनाव होंगे। दो अप्रैल तक पंचायत चुनाव कराने के लिए तिथि का एलान हो सकता है। इसके साथ ही राज्य में आदर्श आचार संहिता भी लागू हो जाएगी। चार चरणों में मतदान कराने की तैयारी की गई है। झारखंड सरकार ने पिछले माह ही कैबिनेट की बैठक में पंचायत चुनाव कराने का निर्णय ले लिया है पर उस वक्त तिथि तय नहीं की गयी थी। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार पंचायती राज विभाग ने चुनाव की तिथि तय कराने के लिए राज्य निर्वाचन आयोग से अनुरोध किया था। बताया गया है कि अब सारा कुछ निर्धारित हो चुका है और यह प्रयास हो रहा है कि दो अप्रैल तक चुनाव कराने की अधिसूचना जारी कर दी जाए।
विधानसभा सत्र के बाद चुनाव की प्रक्रिया प्रारंभ करने के दिए संकेत : झारखंड सरकार विधानसभा बजट सत्र के बाद पंचायत चुनाव की प्रक्रिया तेज करने की तैयारी कर रही है। बजट सत्र 25 मार्च को समाप्त हो रहा है। ऐसे में यह माना जा रहा है कि सत्र के बाद तारिखों का एलान कर दिया जाएगा। पंचायती राज मंत्री आलमगीर आलम ने भी पहले संकेत दिए थे कि अप्रैल के पहले सप्ताह में चुनाव की तिथियों का एलान किया जायेगा।