टीम एबीएन, रांची। झारखंड विधानसभा में बुधवार को चालू वित्तीय वर्ष का 2698 करोड़ रुपये से अधिक के तृतीय अनुपूरक बजट को भारतीय जनता पार्टी के सदस्यों के बहिर्गमन के बीच सदन ने ध्वनिमत से पारित कर दिया। विधानसभा में भोजनावकाश के बाद द्वितीय पाली में भाजपा के अमर कुमार बाउरी द्वारा लाये गये कटौती प्रस्ताव पर चर्चा हुई।
पक्ष-विपक्ष के कई सदस्यों ने इस चर्चा में हिस्सा लिया और बाद में सरकार के जवाब से असंतुष्ट भाजपा सदस्यों ने सदन का बहिगर्मन किया, जिसके बाद कटौती प्रस्ताव को ध्वनिमत से खारिज कर दिया गया और तृतीय अनुपूरक बजट और तत्संबंधी विनियोग विधेयक को मंजूरी प्रदान कर दी गयी। इससे पहले वित्तमंत्री डॉ रामेश्वर उरांव ने सदन में वर्ष 2021-22 का आर्थिक सर्वेक्षण रिपोर्ट को सभा पटल पर रखा। आर्थिक सर्वेक्षण के अनुसार वर्ष 2022-23 में झारखंड के जीएसडीपी में स्थिर मूल्य पर 6.15 प्रतिशत और वर्तमान मूल्य पर 10.72 प्रतिशत बढ़ने का अनुमान है।
इनका इस वर्ष स्थिर मूल्य पर 2.62 हजार करोड़ रुपये और वर्त्तमान मूल्य पर 4 लाख 2 हजार करोड़ रुपये होने का अनुमान है। जबकि झारखंड की प्रति व्यक्ति आय वर्ष 2011-12 में 41254 रुपया था, वर्ष 2021-22 में स्थिर मूल्य पर इसका 57180 रुपए और वर्त्तमान मूल्य पर 85485 रुपए होने का अनुमान है। वहीं पिछले वर्ष की तुलना में स्थिर मूल्य पर इसमें 7.1 प्रतिशत और वर्त्तमान मूल्य पर 13.1 प्रतिशत की वृद्धि अनुमानित है। जबकि वर्त्तमान मूल्य पर झारखंड की प्रति व्यक्ति आय पिछले 10 वर्षों में दोगुनी से अधिक हो गई है।