एक दिसंबर को राष्ट्रीय एकता दिवस की भव्य तैयारी राज्यपाल के आगमन को लेकर प्रशासनिक सक्रियता तेज
शहीद वीर बुली महतो का 241वां जयंती अवसर
टीम एबीएन, रांची। कोल विद्रोह के अग्रणी व स्वतंत्रता सेनानी शहीद वीर बुली महतो की 241वीं जयंती के अवसर पर आगामी एक दिसंबर को राज्यपाल की गरिमामयी उपस्थिति में राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया जायेगा। यह भव्य कार्यक्रम सोनाहातू प्रखंड स्थित बुली महतो चौक पर आयोजित होगा।
आयोजन समिति ने प्रशासनिक दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्यक्रम की तैयारियां जोर-शोर से की जा रही हैं। राज्यपाल के आगमन को लेकर प्रशासनिक सक्रियता बढ़ गयी है। साथ ही विधि-व्यवस्था एवं सुरक्षा संबंधी तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
कार्यक्रम के आयोजक एवं सिल्ली विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी देवेंद्र नाथ महतो ने बताया कि कार्यक्रम के सफल एवं सुचारू संचालन के लिए विभिन्न मोर्चों की अलग-अलग समितियों का गठन किया गया है। इसके साथ ही झारखंड अलग राज्य आंदोलन के शहीदों के परिजनों को भी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया जा रहा है।
बताते चलें कि इस ऐतिहासिक अवसर पर राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार के साथ डुमरी विधायक जयराम कुमार महतो, इतिहासकार एवं पूर्व सांसद शैलेंद्र महतो सहित अन्य निर्वाचित जनप्रतिनिधि, शिक्षाविद एवं गणमान्य अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी। शहीद वीर बुली महतो का स्वतंत्रता आंदोलन में विशेष योगदान रहा है। उनका जन्म 27 नवंबर 1785 को सोनाहातू प्रखंड के कोडाडीह गांव में हुआ था। ब्रिटिश हुकूमत के खिलाफ संघर्ष करते हुए उन्हें काला पानी की सजा दी गई थी।