Breaking
ताज़ा समाचार लोड हो रहा है...
लाइव: 367
होम ई-पेपर देश झारखंड खेल समाचार राज काज कानून व्यवस्था करियर बिजनेस वर्ल्ड हेल्थ विचार ज्ञान विज्ञान समाज वन और पर्यावरण मनोरंजन बिहार विज्ञापन
राज काज

झारखंड हाईकोर्ट के तीसरी बार एक्टिंग चीफ जस्टिस बनेंगे सुजीत नारायण प्रसाद

शेयर करें: WhatsApp Facebook X Back to ePaper
झारखंड हाईकोर्ट के तीसरी बार एक्टिंग चीफ जस्टिस बनेंगे सुजीत नारायण प्रसाद
विज्ञापन

28 नवंबर से संभालेंगे जिम्मेदारी  

टीम  एबीएन, रांची। झारखंड हाइकोर्ट के वरिष्ठ न्यायाधीश जस्टिस सुजीत नारायण प्रसाद को हाइकोर्ट के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश की जिम्मेदारी सौंपी गयी है। राष्ट्रपति ने संविधान के अनुच्छेद 223 के तहत उनकी नियुक्ति को मंजूरी दी है। केंद्रीय कानून एवं न्याय मंत्रालय के न्याय विभाग ने 26 नवंबर 2026 को इस संबंध में अधिसूचना जारी कर दी है। जस्टिस सुजीत नारायण प्रसाद 28 नवंबर 2026 से मुख्य न्यायाधीश के पद के दायित्वों का निर्वहन करेंगे। 

बता दें, इससे पहले भी जस्टिस सुजीत नारायण प्रसाद दो बार झारखंड हाई कोर्ट के ऐक्टिंग चीफ जस्टिस की जिम्मेवारी संभाल चुके हैं। 
यह नियुक्ति झारखंड हाइकोर्ट के वर्तमान मुख्य न्यायाधीश जस्टिस महेश शरदचंद्र सोनक के 27 नवंबर 2026 को सेवानिवृत्त होने के बाद प्रभावी होगी। अधिसूचना में स्पष्ट किया गया है कि जस्टिस सुजीत नारायण प्रसाद को मुख्य न्यायाधीश के कार्यालय के कार्यों और दायित्वों का निर्वहन करने के लिए नियुक्त किया गया है। 

केंद्र सरकार ने जारी की अधिसूचना 

केंद्रीय कानून एवं न्याय मंत्रालय के न्याय विभाग की ओर से जारी अधिसूचना पर भारत सरकार के संयुक्त सचिव जगन्नाथ श्रीनिवासन के हस्ताक्षर हैं। अधिसूचना की प्रतिलिपि झारखंड के राज्यपाल और मुख्यमंत्री के सचिव, मुख्य सचिव, झारखंड हाइकोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल तथा अन्य संबंधित अधिकारियों को भी भेजी गयी है। 

कौन हैं जस्टिस सुजीत नारायण प्रसाद 

झारखंड हाइकोर्ट के वरिष्ठ न्यायाधीश जस्टिस सुजीत नारायण प्रसाद 28 नवंबर 2026 से एक बार फिर कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश की जिम्मेदारी संभालेंगे। राष्ट्रपति ने संविधान के अनुच्छेद 223 के तहत उनकी नियुक्ति की है। इससे पहले भी वह दो बार झारखंड हाइकोर्ट के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश रह चुके हैं। जस्टिस प्रसाद का न्यायिक सफर झारखंड हाइकोर्ट से शुरू हुआ था। इसके बाद उनका तबादला ओडिशा हाइकोर्ट में हुआ और वापसी के बाद उन्होंने फिर झारखंड हाइकोर्ट में न्यायाधीश के रूप में कार्यभार संभाला। 

20 जून 1967 को हुआ जन्म, 2014 में बने अतिरिक्त न्यायाधीश 

जस्टिस सुजीत नारायण प्रसाद का जन्म 20 जून 1967 को हुआ। उन्होंने एमए और एलएलबी की पढ़ाई पूरी की है। उन्हें 26 सितंबर 2014 को झारखंड हाइकोर्ट का अतिरिक्त न्यायाधीश नियुक्त किया गया और उन्होंने पद की शपथ ली। 

इसके बाद उनका स्थानांतरण ओडिशा हाइकोर्ट में हुआ। उन्होंने 12 मार्च 2015 को वहां न्यायाधीश के रूप में कार्यभार संभाला। ओडिशा हाइकोर्ट में अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने न्यायिक अकादमी एवं प्रशिक्षण, कंप्यूटर कमेटी, ई-कमेटी, किशोर न्याय समिति और भवन निर्माण समिति समेत कई समितियों में सदस्य के रूप में जिम्मेदारी निभायी। 

इसके अलावा वह ट्रांसफर कमेटी, वाहन समिति, रिसर्च असिस्टेंट नियुक्ति समिति, फैमिली कोर्ट काउंसलर नियुक्ति समिति और चतुर्थवर्गीय कर्मचारी नियुक्ति समिति से भी जुड़े रहे। उन्हें उत्कल विश्वविद्यालय की विधि संकाय से संबंधित उच्चस्तरीय समिति का अध्यक्ष भी नामित किया गया था। 

2018 में झारखंड हाइकोर्ट लौटे 

ओडिशा हाइकोर्ट से वापस भेजे जाने के बाद जस्टिस सुजीत नारायण प्रसाद ने 22 नवंबर 2018 को झारखंड हाइकोर्ट के न्यायाधीश के रूप में शपथ ली। इसके बाद से वह झारखंड हाइकोर्ट में न्यायिक दायित्व निभा रहे हैं। 

दो बार पहले भी संभाल चुके हैं कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश का पद 

जस्टिस सुजीत नारायण प्रसाद को पहली बार 20 जुलाई 2024 से 24 सितंबर 2024 तक झारखंड हाइकोर्ट का कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किया गया था। इसके बाद 22 जुलाई 2025 को उन्हें दोबारा यह जिम्मेदारी सौंपी गयी। वह जस्टिस तरलोक सिंह चौहान के झारखंड हाइकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश के रूप में शपथ लेने तक इस पद पर रहे। 

अब जस्टिस महेश शरदचंद्र सोनक के 27 नवंबर 2026 को सेवानिवृत्त होने के बाद जस्टिस सुजीत नारायण प्रसाद 28 नवंबर से तीसरी बार झारखंड हाइकोर्ट के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश की जिम्मेदारी संभालेंगे।

विज्ञापन