टीम एबीएन, रांची। झारखंड विधानसभा विशेष सत्र के दूसरे दिन आज सदन की कार्यवाही शुरू हुई। सीएम ने सबसे पहले पूरे सदन के माध्यम से राज्यवासियों को संविधान दिवस की शुभकामनाएं दीं। इसके बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सदन में एमएमडीआर संशोधन कानून 2026 को लेकर राजकीय संकल्प पेश किया।
मुख्यमंत्री ने सदन को बताया कि कैसे एमएमडीआर संशोधन कानून 2026 से राज्य को भारी नुकसान होगा। सीएम ने कहा कि इस संशोधन से राज्य को खनिज अधिकार और खनिज युक्त भूमि में कर सेस लगाने का अधिकार सीमित किया गया है। साथ ही पूर्व के बकाये को भी अमान्य किया गया है। इससे झारखंड को हर साल 13 हजार करोड़ रुपये का नुकसान होगा।
सीएम ने कहा कि ये वो राशि है जिससे राज्य के सामाजिक सुरक्षा महिला सशक्तिकरण शिक्षा स्वास्थ्य ग्रामीण विकास तथा अन्य कल्याणकारी योजनाओं के लिए वित्त प्रबंधन पर असर पड़ेगा। सीएम हेमंत सोरेन ने कहा, संकल्प में इसका जिक्र है कि सुप्रीम कोर्ट के 9 न्यायाधीशों की पीठ ने जुलाई 2024 में राज्य को सेस लगाने का अधिकार दिया था। इसके बाद बाद सरकार ने विधानसभा से झारखंड मिनरल बेयरिंग लैंड सेस विधेयक 2024 में पास किया था।
इससे सरकार को 13 हजार करोड़ रुपये प्राप्त हो रहे थे। लेकिन, वर्तमान संशोधन से राज्य सरकार सेस नहीं लगा सकती, इसके लिए केंद्र की शर्तों को मानना होगा। इससे संघीय ढांचा प्रतिकूल रूप से प्रभावित होगा। सरकार ने एमएमडीआर संशोधन कानून पर केंद्र द्वारा पुनर्विचार करने या इसे वापस लेने का प्रस्ताव सदन में रखा।