- वोटर लिस्ट से संबंधित सभी मामले शीघ्र सुलझायें : के रवि कुमार
- मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन की तैयारी के लिए सभी लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करें : के रवि कुमार
टीम एबीएन, रांची। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, झारखंड के रवि कुमार ने कहा कि राज्य में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) का कार्य अपने अंतिम चरण में है। ऐसे में सभी संबंधित पदाधिकारी अपने-अपने क्षेत्र के अंतर्गत लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करते हुए मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन की तैयारी पूरी करें।
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी पदाधिकारी जीरो पेंडेंसी के लक्ष्य के साथ कार्य करें तथा किसी भी स्तर पर मामले लंबित नहीं रहने दें। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी आज निर्वाचन सदन से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी जिलों के उप निर्वाचन पदाधिकारी, निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी एवं सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर रहे थे।
समीक्षा के दौरान उन्होंने विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रवार लंबित मामलों की अद्यतन स्थिति की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिया कि जिन मामलों का निष्पादन अभी तक नहीं हो पाया है, उनका व्यक्तिगत नियमानुसार गहन निरीक्षण किया जाये। आवश्यक दस्तावेजों की प्राप्ति एवं तथ्यों का सत्यापन करते हुए संबंधित मतदाताओं को सुनवाई का अवसर प्रदान किया जाये तथा प्रत्येक मामले मंय नियमानुसार अंतिम निर्णय लिया जाये।
के रवि कुमार ने कहा कि मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण के क्रम में मतदाताओं के सुनवाई एवं सत्यापन के अतिरिक्त अन्य कार्य मतदान केंद्रों का नजरी नक्शा, मतदान केंद्र की फोटो, जियो टैगिंग आदि कार्य का भी अपडेशन का कार्य पूरा करें। इसके साथ-साथ ड्राफ्ट रोल के उपरांत प्रत्येक दिन प्राप्त हो रहे आवेदनों का उसी दिन ईसीआईएनईटी पर अपडेशन सुनिश्चित करें।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि जिन मतदान केंद्र क्षेत्रों में अभी भी नए मतदाता के नामांकन हेतु कम आवेदन प्राप्त हो रहे हैं। वहां सुपरचेकिंग के दौरान पदाधिकारी होम टू रोल वेरीफिकेशन का कार्य की गहन समीक्षा करें एवं भौतिक समीक्षा के क्रम में पदाधिकारी कमसे कम लगातार 5 घरों में अवश्य जाएं एवं वहां के प्रत्येक पात्र भारतीय नागरिकों का मतदाता सूची में शामिल हुआ है अथवा नहीं इसकी जांच करें।
बैठक में अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सुबोध कुमार, राज्य प्रशिक्षण नोडल पदाधिकारी देव दास दत्ता, अवर निर्वाचन पदाधिकारी सुनील कुमार सहित सभी जिलों के उप निर्वाचन पदाधिकारी, निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी एवं सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उपस्थित थे।