Breaking
ताज़ा समाचार लोड हो रहा है...
लाइव: 17
होम ई-पेपर देश झारखंड खेल समाचार राज काज कानून व्यवस्था करियर बिजनेस वर्ल्ड हेल्थ विचार ज्ञान विज्ञान समाज वन और पर्यावरण मनोरंजन बिहार विज्ञापन
राज काज

विशेष सत्र से पहले हेमंत ने मंत्रियों-विधायकों के साथ बनाई रणनीति

शेयर करें: WhatsApp Facebook X Back to ePaper
विशेष सत्र से पहले हेमंत ने मंत्रियों-विधायकों के साथ बनाई रणनीति
विज्ञापन
  • विशेष सत्र से पहले हेमंत ने मंत्रियों-विधायकों के साथ बनाई रणनीति
  • एमएमडीआर कानून और मतदाता सूची पुनरीक्षण के मुद्दे पर सदन में सरकार रखेगी मजबूती से पक्ष, विपक्ष को जवाब देने की तैयारी

टीम एबीएन, रांची। झारखंड विधानसभा के 25 और 26 नवंबर को होने वाले दो दिवसीय विशेष सत्र से पहले मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सत्ता पक्ष के मंत्रियों और विधायकों के साथ रणनीतिक बैठक की। सोमवार को कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवास से उन्होंने वर्चुअल माध्यम से सभी मंत्रियों और विधायकों से संवाद किया। बैठक में विशेष सत्र के दौरान खान एवं खनिज कानून में संशोधन और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण के मुद्दे पर सरकार का पक्ष मजबूती से रखने को लेकर चर्चा हुई।

बैठक में मुख्यमंत्री ने मंत्रियों और विधायकों को पूरी तैयारी के साथ सदन में उपस्थित रहने का निर्देश दिया। सत्ता पक्ष की रणनीति है कि विपक्ष की ओर से उठाए जाने वाले सवालों का जवाब तथ्यों के साथ दिया जाए। इसके लिए विधायकों को अपने-अपने विभागों और क्षेत्रों से जुड़े मुद्दों की पूरी जानकारी रखने को कहा गया।

खनिज संपदा पर राज्य के अधिकार का मुद्दा उठेगा

विशेष सत्र में खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) संशोधन अधिनियम, 2026 का मुद्दा प्रमुखता से उठने की संभावना है। सत्ताधारी गठबंधन झारखंड मुक्ति मोर्चा, कांग्रेस, राष्ट्रीय जनता दल और वाम दलों ने इस कानून के प्रावधानों पर आपत्ति जताई है। गठबंधन का कहना है कि नए कानून से खनिज संपदा वाले राज्यों के आर्थिक और राजस्व संबंधी अधिकार प्रभावित हो सकते हैं।

बैठक में विधायकों ने मुख्यमंत्री के समक्ष अपनी चिंताएं रखीं। उनका कहना था कि झारखंड खनिज संपदा से समृद्ध राज्य है। ऐसे में खनिज आधारित राजस्व पर राज्य के हितों की अनदेखी नहीं होनी चाहिए। सत्ता पक्ष को आशंका है कि नए कानूनी प्रावधानों से खनिज युक्त भूमि पर उपकर लगाने के राज्य के अधिकार सीमित हो सकते हैं। इससे राज्य के राजस्व पर प्रतिकूल असर पड़ने के साथ जनकल्याणकारी योजनाओं के संचालन में भी परेशानी हो सकती है।

के. राजू ने भी जताई चिंता

बैठक में झारखंड प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी के. राजू ने भी खान एवं खनिज कानून और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण की प्रक्रिया पर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की ओर से लाया गया खान एवं खनिज संशोधन कानून खनिज उत्पादक राज्यों के हितों के लिए चिंता का विषय है। उनके अनुसार, इसके प्रावधानों से राज्यों की खनिज आधारित भूमि पर अतिरिक्त कर और उपकर लगाने की शक्तियां प्रभावित हो सकती हैं। इससे झारखंड को बड़े पैमाने पर राजस्व का नुकसान होने की आशंका है।

मतदाता सूची पुनरीक्षण में पारदर्शिता की मांग

बैठक में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण का मुद्दा भी उठा। के. राजू ने कहा कि इस प्रक्रिया में बड़ी संख्या में मतदाताओं को नोटिस जारी किए गए हैं और कई मामलों की सुनवाई लंबित है। उन्होंने आशंका जताई कि जल्दबाजी में प्रक्रिया पूरी करने से आम नागरिकों, विशेषकर वंचित और आदिवासी समुदाय के लोगों के मताधिकार प्रभावित हो सकते हैं। उन्होंने प्रक्रिया में पारदर्शिता बरतने और जरूरत के अनुसार समय-सीमा बढ़ाने की मांग की।

विपक्ष को जवाब देने की तैयारी

बैठक में विधायकों ने अपने-अपने क्षेत्रों की स्थिति और जनता से जुड़े मुद्दों की जानकारी मुख्यमंत्री को दी। इन सुझावों के आधार पर सदन में बहस और सत्ता पक्ष के विधायकों की भूमिका को लेकर चर्चा हुई। विशेष सत्र में जल, जंगल, जमीन और खनिज संपदा पर राज्य के अधिकार के मुद्दे को भी प्रमुखता से उठाने की तैयारी है।

विशेष सत्र से पहले हुई इस बैठक को सत्ता पक्ष की एकजुटता और सदन में सरकार की रणनीति के लिहाज से अहम माना जा रहा है। सरकार की कोशिश है कि खान एवं खनिज कानून और मतदाता सूची पुनरीक्षण के मुद्दे पर विपक्ष के सवालों का मजबूती से जवाब दिया जाए।

विज्ञापन