1 दिसंबर 2026 को राज्यपाल संतोष गंगवार, डुमरी विधायक जयराम महतो, क्रांतिकारी देवेन्द्र नाथ महतो सोनाहातू के एक मंच में होंगे
एबीएन न्यूज नेटवर्क, सोनाहातू (रांची)। कोल विद्रोह के महानायक, आजादी के महानायक एवं स्वतंत्रता सेनानी वीर बुली महतो की 241वीं जयंती महोत्सव-2026 का भव्य आयोजन आगामी 01 दिसंबर 2026 दिन मंगलवार को सोनाहातू में किया जायेगा। इस ऐतिहासिक अवसर पर झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। राज्यपाल की गरिमामयी उपस्थिति पांच परगना क्षेत्रवासियों के लिए गर्व और गौरव का विषय है। उक्त जानकारी जेएलकेएम के केंद्रीय वरीय उपाध्यक्ष एवं युवा आंदोलनकारी देवेंद्र नाथ महतो ने दी।
आज कार्यक्रम आयोजक कमेटी देवेंद्र नाथ महतो समेत पांच प्रतिनिधिमंडल अनंत महतो, मधुसूदन महतो, कृष्ण महतो और ज्योतिष महतो राज्यपाल से मुलाकात कर आमंत्रण सौंपा राज्यपाल आमंत्रण स्वीकार करते हुए 1 दिसंबर 2026 के कार्यक्रम में शामिल होने का स्वीकृति दिया।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में डुमरी के लोकप्रिय विधायक डॉ. जयराम महतो, साहित्यकार एवं पूर्व सांसद शैलेंद्र महतो सहित धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा, सिद्धो-कान्हू, नीलांबर-पीतांबर, शहीद शेख भिखारी, विनोद बिहारी महतो समेत झारखंड के अन्य महान शहीदों एवं आंदोलनकारियों के वंशजों को भी आमंत्रित किया गया है।
देवेंद्र नाथ महतो ने वीर बुली महतो के ऐतिहासिक संघर्ष को याद करते हुए बताया कि उनका जन्म 27 नवंबर 1785 को रांची जिला के सोनाहातू प्रखंड अंतर्गत कोड़ाडीह गांव में हुआ था। उन्होंने ब्रिटिश हुकूमत और तत्कालीन शोषणकारी व्यवस्था के खिलाफ अदम्य साहस के साथ संघर्ष किया। ब्रिटिश जिला मजिस्ट्रेट एचपी रसेल के शोषण के विरुद्ध उन्होंने लगातार आवाज बुलंद की।
अंतत: कर्नल बोवेन की सेना के साथ संघर्ष के बाद उन्हें गिरफ्तार कर काला पानी की सजा सुनायी गयी और अंडमान-निकोबार स्थित सेलुलर जेल भेज दिया गया, जहां 14 जून 1834 को उन्होंने वीरगति प्राप्त की। उन्होंने बताया कि 27 नवंबर 2026 को वीर बुली महतो चौक, सोनाहातू में माल्यार्पण एवं श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया जायेगा। वहीं 01 दिसंबर को वीर बुली महतो 241 वीं जयंती महोत्सव के अवसर पर विभिन्न खेलकूद, मैराथन एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। ]
महोत्सव के प्रमुख आकर्षण
- 12 किलोमीटर राष्ट्रीय युवा मैराथन दौड़: निर्मल महतो चौक, जाड़ेया से वीर बुली महतो चौक, सोनाहातू तक। मैराथन में रांची जिला ग्रामीण क्षेत्र के प्रतिभागी ही शामिल होंगे।
- 30 मीटर का महिला कुर्सी दौड़ और बोरा दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया जायेगा। मौके सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं पारंपरिक लोकनृत्य तथा आसपास के विभिन्न गांवों से ढोल-नगाड़ा, गाजा-बाजा के साथ जुलूस एवं वीर बुली महतो की प्रतिमा स्थल पर पूजा-अर्चना और माल्यार्पण।
प्रतियोगिताओं के पुरस्कार
1. मैराथन दौड़
- प्रथम पुरस्कार : रेंजर साइकिल
- द्वितीय पुरस्कार : जूसर
- तृतीय पुरस्कार : स्पोर्ट्स किट (ट्राउजर एवं जूता)
2. महिला कुर्सी दौड़
- प्रथम पुरस्कार : प्रेशर कुकर
- द्वितीय पुरस्कार : इलेक्ट्रिक आयरन
- तृतीय पुरस्कार : थर्मस बोतल
3. बोरा दौड़
- प्रथम पुरस्कार : इंडक्शन चूल्हा
- द्वितीय पुरस्कार : मिक्सर मशीन
- तृतीय पुरस्कार : इलेक्ट्रिक वाटर हीटर जग
सभी प्रतियोगिताओं में सफल प्रतिभागियों को मेडल एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जायेगा। देवेंद्र नाथ महतो ने कहा कि वीर बुली महतो का संघर्ष, त्याग और बलिदान झारखंड की ऐतिहासिक विरासत का महत्वपूर्ण अध्याय है। ऐसे महान स्वतंत्रता सेनानियों के इतिहास को नयी पीढ़ी तक पहुंचाना और उनके योगदान को राष्ट्रीय पहचान दिलाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
यह महोत्सव केवल जयंती समारोह नहीं, बल्कि पांच परगना की ऐतिहासिक अस्मिता, वीरता, संस्कृति और सामाजिक एकता का उत्सव होगा। उन्होंने क्षेत्र के समस्त बुद्धिजीवियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, युवाओं, माताओं-बहनों एवं आम नागरिकों से इस ऐतिहासिक महोत्सव में बढ़-चढ़कर भाग लेने और इसे सफल बनाने की अपील की