- रांची विश्वविद्यालय में एक दिसंबर से बायोमैट्रिक हाजिरी अनिवार्य
- जनवरी से रुकेगा वेतन; जारी किया आदेश
टीम एबीएन, रांची। रांची विश्वविद्यालय प्रशासन ने शिक्षकों, कर्मचारियों, अधिकारियों, प्राचार्यों और विभागाध्यक्षों के लिए बायोमैट्रिक हाजिरी अनिवार्य कर दी है। विश्वविद्यालय के सभी कॉलेजों, स्नातकोत्तर विभागों और कार्यालयों में यह व्यवस्था एक दिसंबर से लागू होगी।
बायोमैट्रिक उपस्थिति दर्ज नहीं करने वाले कर्मियों का वेतन जनवरी, 2027 से रोक दिया जायेगा। विश्वविद्यालय प्रशासन ने यह स्पष्ट कर दिया है कि समय पर बायोमैट्रिक हाजिरी न लगाने की स्थिति में संबंधित कर्मियों के वेतन पर सीधा असर पड़ेगा।
कुलपति के निर्देश पर जारी आदेश
विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से यह आदेश कुलपति प्रो सरोज शर्मा के निर्देश पर जारी किया गया है। कुलपति के निर्देश के बाद विश्वविद्यालय मुख्यालय सहित सभी संबंधित कार्यालयों, स्नातकोत्तर विभागों और कॉलेजों में बायोमैट्रिक मशीनों की व्यवस्था दुरुस्त करने की कवायद शुरू कर दी गयी है।
जिन स्थानों पर मशीनें पहले से लगी हैं, उन्हें दुरुस्त करने और जहां मशीनें नहीं हैं, वहां नयी बायोमैट्रिक मशीनें लगाने का काम तेजी से निपटाने को कहा गया है, ताकि व्यवस्था एक दिसंबर से पूरी तरह सुचारु रूप से संचालित हो सके।
नयी व्यवस्था के तहत सभी शिक्षकों, कर्मचारियों, अधिकारियों, प्राचार्यों और विभागाध्यक्षों को कार्यालय अथवा कॉलेज आने और जाने, दोनों समय बायोमैट्रिक उपस्थिति दर्ज करनी होगी। विश्वविद्यालय प्रशासन ने सभी संबद्ध संस्थानों, कॉलेजों और विभागों को एक दिसंबर से पहले अपनी मशीनों और तकनीकी तैयारियों को हर हाल में दुरुस्त करने के निर्देश दिये हैं।
प्रशासन ने दोबारा चेतावनी दी है कि जनवरी, 2027 से जो कर्मी बायोमैट्रिक हाजिरी नहीं बनायेंगे, उनका वेतन रोक दिया जायेगा। इस फैसले के बाद विश्वविद्यालय के तमाम विभागों में बायोमैट्रिक प्रणाली को दुरुस्त करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गयी है।