Breaking
ताज़ा समाचार लोड हो रहा है...
लाइव: 24
होम ई-पेपर देश झारखंड खेल समाचार राज काज कानून व्यवस्था करियर बिजनेस वर्ल्ड हेल्थ विचार ज्ञान विज्ञान समाज वन और पर्यावरण मनोरंजन बिहार विज्ञापन
राज काज

धनबाद : 9 रेलवे फाटकों पर लगेगा ब्रेक!

शेयर करें: WhatsApp Facebook X Back to ePaper
धनबाद : 9 रेलवे फाटकों पर लगेगा ब्रेक!
विज्ञापन

पांच जगह आरओबी, चार पर बनेगा अंडरपास 

लिलोरी गेट, सोनारडीह, फुलारीटांड़ और तेतुलमारी को मिलेगी बड़ी राहत

रेलवे ने निर्माण को दी तकनीकी सहमति 

एबीएन न्यूज नेटवर्क, धनबाद। रेलवे फाटकों पर घंटों लगने वाले जाम और ट्रेनों के गुजरने के इंतजार से जल्द राहत मिलने की उम्मीद है। धनबाद जिले के नौ व्यस्त रेलवे फाटकों को खत्म कर वहां रोड ओवरब्रिज (आरओबी) और रोड अंडरब्रिज (आरयूबी) बनाने की तैयारी है। इनमें पांच स्थानों पर ओवरब्रिज और चार स्थानों पर अंडरपास का निर्माण प्रस्तावित है। सांसद ढुलू महतो ने सेतु भारतम परियोजना के तहत इन रेलवे फाटकों को हटाने के लिए रेलवे से तकनीकी सहमति और निर्माण से जुड़े आंकड़े मांगे थे।  

इसके जवाब में मंडल रेल प्रबंधक अखिलेश मिश्र ने पत्र भेजकर जानकारी दी है कि सभी नौ स्थानों पर आरओबी और आरयूबी का निर्माण तकनीकी रूप से संभव है। कतरास के लिलोरी गेट, सोनारडीह, फुलारीटांड़, प्रधानखंता-गोविंदपुर मार्ग और धनबाद-गोमो रेलखंड के तेतुलमारी रेलवे फाटक पर रोड ओवरब्रिज बनाने की योजना है। 

लिलोरी गेट और सोनारडीह में निर्माण की स्वीकृति प्रक्रिया एनएचएआइ स्तर पर चल रही है। रेलवे ने दोनों फाटकों को वित्त वर्ष 2026-27 में चौड़ा करने का प्रस्ताव भी रखा है। फुलारीटांड़ में धनबाद-चंद्रपुरा रेललाइन बंद होने के कारण पहले निर्माण कार्य रोक दिया गया था। अब इसे 2026-27 में दोबारा प्रस्तावित किया जायेगा। 

प्रधानखंता-गोविंदपुर मार्ग के एक फाटक की ड्राइंग स्वीकृत हो चुकी है, जबकि डीपीआर की प्रक्रिया जारी है। केंदुआ रोड, भूली, धनबाद-बराकर मेन लाइन और कतरास-सिजुआ ओलवे रेलवे फाटक पर रोड अंडरब्रिज बनाने की योजना है। धनबाद-बराकर मेन लाइन के अंडरपास का विस्तृत प्राक्कलन और सामान्य व्यवस्था ड्राइंग स्वीकृत हो चुकी है। 

यहां काम शुरू होना है। धनबाद मेन लाइन के दो फाटकों के लिए भी ड्राइंग और डीपीआर तैयार की जा रही है। इन परियोजनाओं के पूरा होने से रेलवे फाटकों पर लगने वाले जाम से राहत मिलेगी। साथ ही लोगों का आवागमन आसान होगा और रेलवे क्रॉसिंग पर बार-बार रुकने की समस्या भी कम होगी। हालांकि, तकनीकी सहमति मिलने के बाद अब निर्माण की स्वीकृति, बजट और काम शुरू होने का इंतजार है।

विज्ञापन