- विश्व शौचालय दिवस-2026 के अवसर पर 16वें वित्त आयोग के तहत पेयजल एवं स्वच्छता के समुचित अभिसरण को लेकर जिला स्तरीय कार्यशाला आयोजित
- उप विकास आयुक्त ने स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण फेज-2 के लक्ष्यों को समयबद्ध पूरा करने के लिए विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर कार्य करने का दिया निर्देश
- ठोस कचरा प्रबंधन नियमावली-2026 एवं पेयजल-स्वच्छता योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर हुई विस्तृत चर्चा
एबीएन न्यूज नेटवर्क, दुमका। आज दिनांक 19.11.2026 को विश्व शौचालय दिवस-2026 के अवसर पर पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल संख्या-01 एवं 02, दुमका के तत्वावधान में 16वें वित्त आयोग के तहत पेयजल एवं स्वच्छता के क्षेत्र में समुचित अभिसरण को लेकर जिला स्तरीय एकदिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला की अध्यक्षता उप विकास आयुक्त अनिकेत सचान ने की।
पेयजल एवं स्वच्छता योजनाओं में समन्वय पर विशेष जोर
कार्यशाला को संबोधित करते हुए उप विकास आयुक्त ने 16वें वित्त आयोग के तहत पेयजल एवं स्वच्छता के क्षेत्र में उपलब्ध प्रावधानों तथा विभिन्न योजनाओं के बीच समुचित अभिसरण की आवश्यकता पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण फेज-2 के निर्धारित लक्ष्यों को ससमय पूरा करने के लिए पेयजल एवं स्वच्छता विभाग तथा पंचायती राज विभाग के पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि विभागीय योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने तथा जिले के निर्धारित लक्ष्यों को समय पर पूरा करने में सभी संबंधित पदाधिकारियों एवं पंचायत प्रतिनिधियों की महत्वपूर्ण भूमिका है।
ठोस कचरा प्रबंधन नियमावली-2026 की दी गई जानकारी
यूनिसेफ के वाश विशेषज्ञ कुमार प्रेमचंद ने स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण फेज-2 के विभिन्न अवयवों, 16वें वित्त आयोग के तहत पेयजल एवं स्वच्छता के क्षेत्र में अभिसरण की संभावनाओं तथा ठोस कचरा प्रबंधन नियमावली-2026 के विभिन्न प्रावधानों पर विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने योजनाओं के प्रभावी संचालन, ठोस एवं तरल कचरा प्रबंधन तथा ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने से संबंधित महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा की।
इनकी रही उपस्थिति
कार्यशाला में सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, पंचायती राज पदाधिकारी, पंचायती राज विभाग एवं पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी, प्रत्येक प्रखंड से दो-दो ग्राम पंचायतों के मुखिया, पंचायत सचिव, यूनिसेफ प्रतिनिधि पुनीत कुमार, जिला समन्वयक, प्रखंड वाश समन्वयक, सहायक अभियंता, कनीय अभियंता सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं प्रतिभागी उपस्थित रहे।