- झारखंड : एसआईआर पर 18 को लगेगा एक और कैंप
- झारखंड विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 के तहत 18 नवंबर को सभी मतदान केंद्रों पर आयोजित होगा एक और अवसर कैंप
- पात्र नागरिकों को मिलेगा मतदाता सूची में नाम जुड़वाने का मौका
एबीएन न्यूज नेटवर्क, रामगढ़। झारखंड विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 के तहत मतदाता सूची में पात्र नागरिकों का नाम शामिल करने के उद्देश्य से आगामी 18 नवंबर 2026 को जिले के सभी मतदान केंद्रों पर एक और अवसर कैंप का आयोजन किया जायेगा। कैंप का आयोजन पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न 4 बजे तक किया जायेगा।
इस विशेष कैंप का लाभ वैसे पात्र भारतीय नागरिक उठा सकते हैं, जिनका नाम किसी कारणवश एएसडीडी सूची में चिह्नित हो गया है, वैसे नागरिक जिन्हें दूसरी बार नोटिस मिलने के बावजूद वे उपस्थित नहीं हो सके तथा वैसे युवा भारतीय नागरिक जिन्होंने 01 अक्टूबर 2026 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर ली है, लेकिन अब तक मतदाता सूची में उनका नाम दर्ज नहीं हो पाया है।
इस संबंध में सभी बीएलए-2 (बूथ लेवल एजेंट) से विशेष अनुरोध किया गया है कि वे अपने संबंधित मतदान केंद्र क्षेत्र में निवास करने वाले ऐसे पात्र भारतीय नागरिकों को चिह्नित कर उन्हें कैंप में पहुंचने के लिए प्रेरित करें तथा उनकी सूची संबंधित इछड को उपलब्ध कराएं, ताकि पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में शामिल करने की प्रक्रिया पूरी की जा सके।
जिला प्रशासन द्वारा सभी संबंधित पात्र नागरिकों से अपील की गई है कि वे निर्धारित तिथि एवं समय पर अपने संबंधित मतदान केंद्र पर पहुंचकर एक और अवसर कैंप का लाभ उठायें तथा मतदाता सूची में अपना नाम शामिल कराने की प्रक्रिया पूरी करें।
महत्वपूर्ण जानकारी
- तिथि: 18 नवंबर 2026
- समय: पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न 4 बजे तक
- स्थान: जिले के सभी मतदान केंद्र
विशेष रूप से ध्यान रहे कि इस अभियान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र भारतीय नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे तथा कोई भी अपात्र व्यक्ति मतदाता सूची में शामिल न हो।