भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में झारखंड की प्राकृतिक समृद्धि, वन संपदा और जैव विविधता की आकर्षक प्रस्तुति
टीम एबीएन, रांची। दिनांक 14 नवंबर 2026 को नयी दिल्ली के प्रगति मैदान में भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला-2026 के झारखंड पवेलियन का उद्घाटन, माननीय मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने किया।
इस वर्ष फोकस स्टेट के रूप में शामिल झारखंड ने अपनी समृद्ध प्राकृतिक विरासत, वन संपदा और जनजातीय जीवनशैली को राष्ट्रीय मंच पर प्रदर्शित किया है। इस अवसर पर वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग, झारखंड द्वारा राज्य की विशिष्ट जैव विविधता, वन्यजीवों, वनस्पतियों और लघु वनोपज को आकर्षक ढंग से प्रस्तुत किया गया है।
वन विभाग द्वारा प्रत्येक वर्ष की भांति इस बार भी लाह, शहद, सहित विभिन्न लघु वनोपज को प्रदर्शनी में विशेष स्थान दिया गया है। विशेष रूप से साहिबगंज के मधु एवं आॅर्गेनिक उत्पादों के माध्यम से झारखंड के स्थानीय उत्पादों की विशिष्टता और उनकी बाजार संभावनाओं को प्रदर्शित किया जा रहा है।
यह प्रदर्शनी झारखंड की समृद्ध प्राकृतिक विरासत के साथ वनों पर आश्रित ग्रामीण एवं जनजातीय समुदायों की आजीविका को भी रेखांकित करती है। इसके माध्यम से वन संरक्षण, जैव विविधता के संवर्धन, स्थानीय उत्पादों को व्यापक बाजार उपलब्ध कराने और सतत विकास का संदेश राष्ट्रीय स्तर पर पहुंचाया जा रहा है।