रांची : नामकुम रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ की बड़ी कार्रवाई! करीब 60 हजार की स्कॉच व्हिस्की के साथ दो तस्कर गिरफ्तार
टीम एबीएन, रांची। दक्षिण पूर्व रेलवे के रांची मंडल अंतर्गत रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने आॅपरेशन सतर्क के तहत अवैध शराब की तस्करी के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए नामकुम रेलवे स्टेशन से दो युवकों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से ब्लैक डॉग ट्रिपल गोल्ड रिजर्व ब्लेंडेड स्कॉच व्हिस्की की 22 बोतलें बरामद की गयीं, जिनकी अनुमानित कीमत 59,400 बतायी गयी है।
मिली जानकारी के अनुसार, कल गुरुवार को आरपीएफ पोस्ट रांची एवं आरपीएफ फ्लाइंग टीम रांची के अधिकारियों और जवानों द्वारा नामकुम रेलवे स्टेशन पर आॅपरेशन रअळअफङ के तहत विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान शाम करीब 19:40 बजे प्लेटफॉर्म संख्या 01 पर फुट ओवरब्रिज के पास दो युवक दो ट्रॉली बैग के साथ संदिग्ध अवस्था में बैठे दिखे।
आरपीएफ टीम ने संदेह के आधार पर दोनों युवकों को रोककर पूछताछ की। उनकी पहचान बिहार के नालंदा जिले के निवासी विक्की राज (24) एवं पिंटू कुमार (26) के रूप में हुई। उनके सामान की तलाशी लेने पर विक्की राज के आसमानी रंग के ट्रॉली बैग से ब्लैक डॉग ट्रिपल गोल्ड रिजर्व स्कॉच व्हिस्की की 11 बोतलें तथा पिंटू कुमार के नीले रंग के ट्रॉली बैग से इसी ब्रांड की 11 बोतलें बरामद हुईं। प्रत्येक बोतल 750 एमएल की थी। इस प्रकार कुल 22 बोतलें, अर्थात 16.5 लीटर विदेशी शराब बरामद की गयी, जिसकी अनुमानित कीमत 59,400 है।
शराब के संबंध में वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने में असफल रहने पर दोनों युवकों ने पूछताछ में बताया कि उन्होंने शराब रांची से खरीदी थी और उसे बिहार ले जाकर अधिक कीमत पर बेचने की योजना थी। इसके बाद आरपीएफ के सहायक उप निरीक्षक अजीत कुमार ने निर्धारित कानूनी प्रक्रिया का पालन करते हुए दोनों आरोपियों के पास से बरामद शराब को अलग-अलग जब्ती सूची तैयार कर जब्त किया। दोनों को नियमानुसार गिरफ्तार कर आरपीएफ पोस्ट रांची लाया गया।
आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद दिनांक आज शुक्रवार को दोनों गिरफ्तार आरोपियों एवं जब्त शराब को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए उत्पाद विभाग, रांची को सौंपा जायेगा। आरपीएफ रांची ने आॅपरेशन सतर्क के तहत रेलवे स्टेशनों एवं ट्रेनों में अवैध शराब की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए लगातार विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है।