Breaking
ताज़ा समाचार लोड हो रहा है...
लाइव: 146
होम ई-पेपर देश झारखंड खेल समाचार राज काज कानून व्यवस्था करियर बिजनेस वर्ल्ड हेल्थ विचार ज्ञान विज्ञान समाज वन और पर्यावरण मनोरंजन बिहार विज्ञापन
राज काज

दुमका : आस्था के महापर्व में हर व्रती की सुविधा का संकल्प

शेयर करें: WhatsApp Facebook X Back to ePaper
दुमका : आस्था के महापर्व में हर व्रती की सुविधा का संकल्प
विज्ञापन

छठ घाटों का उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने किया निरीक्षण 

साफ-सफाई, रोशनी, सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को दिये आवश्यक निर्देश 

श्रद्धा, स्वच्छता और सुरक्षा के साथ मनेगा छठ महापर्व 

छठ घाटों की तैयारियों का लिया जायजा 

एबीएन न्यूज नेटवर्क, दुमका। लोक आस्था, पवित्रता एवं सूयोर्पासना के महापर्व छठ को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित वातावरण में संपन्न कराने को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह तत्पर है। इसी क्रम में उपायुक्त अभिजीत सिन्हा एवं पुलिस अधीक्षक पीताम्बर सिंह खेरवार सहित जिला प्रशासन के वरीय अधिकारियों ने शहर के विभिन्न प्रमुख छठ घाटों का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान खूंटाबांध, पोखरा चौक, बड़ा बांध, दुधानी एवं पुसारो पुल स्थित छठ घाटों का निरीक्षण किया गया। 

व्रतियों की सुविधा और स्वच्छता सर्वोच्च प्राथमिकता 

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि छठ महापर्व के दौरान व्रतियों एवं श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं हो, इसे सर्वोच्च प्राथमिकता में रखा जाये। उन्होंने घाटों की समुचित साफ-सफाई, पहुंच पथों की व्यवस्था, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि छठ घाटों पर स्वच्छता एवं श्रद्धालुओं की सुविधा से संबंधित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूरी कर ली जायें, ताकि व्रतियों को पूजा-अर्चना एवं अर्घ्य अर्पित करने में किसी प्रकार की कठिनाई का सामना नहीं करना पड़े। 

उपायुक्त ने कहा कि छठ महापर्व केवल एक धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि लोक आस्था, अनुशासन, पवित्रता और सामाजिक समरसता का प्रतीक है। इस महापर्व में बड़ी संख्या में श्रद्धालु अपने परिवार के साथ घाटों पर पहुंचते हैं। जिला प्रशासन का प्रयास है कि प्रत्येक श्रद्धालु को सुरक्षित, स्वच्छ एवं सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराया जाये। 

सीसीटीवी से निगरानी, नियमित पेट्रोलिंग एवं सुरक्षा के व्यापक इंतजाम 

उपायुक्त ने कहा कि छठ घाटों पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम रहेंगे। असामाजिक तत्वों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी तथा नियमित पेट्रोलिंग सुनिश्चित की जायेगी। प्रमुख स्थानों पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी एवं मॉनिटरिंग की व्यवस्था रहेगी। छठ पूजा समितियों के साथ लगातार समन्वय स्थापित कर उनकी समस्याओं एवं सुझावों पर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है, ताकि पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न नहीं हो। 

पार्किंग और ट्रैफिक प्रबंधन की रहेगी विशेष व्यवस्था 

श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए अलग-अलग स्थानों पर पार्किंग स्थल चिह्नित किये गये हैं। भीड़ एवं वाहनों के दबाव को नियंत्रित करने के लिए आवश्यकतानुसार रूट डायवर्जन किया जायेगा। यातायात व्यवस्था इस प्रकार सुनिश्चित की जायेगी कि छठ घाटों तक पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को अनावश्यक जाम अथवा आवागमन संबंधी परेशानी का सामना नहीं करना पड़े। 

श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए पुलिस प्रशासन मुस्तैद 

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक पीतांबर सिंह खेरवार ने कहा कि छठ महापर्व को लेकर सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था के सभी पहलुओं पर गंभीरता से तैयारी की जा रही है। श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा पुलिस प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि पर्व के दौरान लोगों को कम से कम यातायात संबंधी परेशानियों का सामना करना पड़े, इसके लिए विशेष ट्रैफिक प्रबंधन किया जायेगा। छठ घाटों की सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी की जायेगी तथा सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए पर्यावरण पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की जायेगी। 

इसके अतिरिक्त घाटों एवं आसपास के क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जायेगी। उन्होंने कहा कि छठ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम आवागमन एवं शांतिपूर्ण वातावरण बनाये रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहेगा। सभी संबंधित पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश दिया गया है। 

जिला प्रशासन का संकल्प है कि लोक आस्था के इस महापर्व में प्रत्येक श्रद्धालु को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हों तथा हर व्रती निर्बाध, सुरक्षित और श्रद्धापूर्ण वातावरण में भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित कर सके। मौके पर उप विकास आयुक्त अनिकेत सचान, अनुमंडल पदाधिकारी कौशल कुमार सहित जिला प्रशासन के वरीय अधिकारी उपस्थित थे।

विज्ञापन