टीम एबीएन, रांची। रांची में अब अंतिम यात्रा के लिए नगर निगम लोगों को वाहन की सुविधा उपलब्ध करायेगा। नगर विकास विभाग की ओर से रांची नगर निगम को तीन नये अंतिम यात्रा वाहन सौंपे गये हैं, जिससे परिजनों को मुक्तिधाम तक पार्थिव शरीर ले जाने में सुविधा होगी।
इन तीनों वाहनों को शहर के अलग-अलग इलाकों में स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर के बाहर तैनात किया जायेगा, ताकि जरूरत पड़ने पर लोगों को तुरंत सेवा मिल सके। इससे पहले भी विभाग द्वारा सदर अस्पताल को दो मोक्ष वाहन उपलब्ध कराये जा चुके हैं। नगर निगम की इस पहल से आम लोगों को अंतिम संस्कार के समय सुलभ परिवहन सुविधा मिल सकेगी।
निगम के हेल्पलाइन नंबर पर मिलेगी सुविधा
रांची नगर निगम के शहरी क्षेत्र में अंतिम यात्रा वाहन सेवा संचालित करने का उद्देश्य दिवंगत नागरिकों के पार्थिव शरीर को उनके घर से श्मशान घाट या कब्रिस्तान तक सम्मानपूर्वक पहुंचाना है। जरूरत के समय परिवारों को शव वाहन के लिए इधर-उधर भटकना न पड़े, इसके लिए निगम ने कंट्रोल रूम और स्मार्ट रांची कनेक्ट सेंटर के टोल फ्री नंबर 1800-570-1235 अथवा 0651-2200011 जारी किया है।