तीन होटलों से मिठाई के छह नमूने संग्रहित कर जांच हेतु खाद्य सुरक्षा प्रयोगशाला भेजे गये
एबीएन न्यूज नेटवर्क, रामगढ़। आगामी त्योहारों के मद्देनजर आम नागरिकों को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से उपायुक्त रामगढ़ ऋतुराज के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग, रामगढ़ द्वारा मिठाई दुकानों एवं होटलों में औचक जांच अभियान चलाया गया।
खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी श्री डेरिक तिग्गा के नेतृत्व में टायर मोड़ रामगढ़ से सुभाष चौक रामगढ़ तक विभिन्न मिठाई दुकानों एवं होटलों का औचक निरीक्षण किया गया।
विभिन्न मिठाई दुकानों एवं होटलों का किया गया निरीक्षण
जांच अभियान के दौरान टायर मोड़ स्थित होटल सैनी, कॉलेज गेट स्थित संतुष्टि स्वीट्स, श्रवण होटल, आरके ढाबा, मिलन होटल, ब्लॉक चौक स्थित उमेश स्वीट्स एवं भगवान स्वीट्स, सुभाष चौक स्थित मारवाड़ी होटल, प्रिया स्वीट्स, शालीमार स्वीट्स एवं पूनम स्वीट्स तथा ट्रैकर स्टैंड स्थित विष्णु स्वीट्स, खुशबू स्वीट्स, राज कुमार मुकेश कुमार मिठाई दुकान एवं दुर्गा होटल का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, खाद्य सुरक्षा से संबंधित आवश्यक दस्तावेजों तथा प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई की स्थिति की जांच की गयी।
तीन होटलों से मिठाई के छह नमूने संग्रहित
औचक निरीक्षण के दौरान खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी द्वारा तीन प्रतिष्ठानों से मिठाई के कुल छह नमूने संग्रहित किये गये। संग्रहित नमूनों को गुणवत्ता एवं खाद्य सुरक्षा की जांच हेतु खाद्य सुरक्षा प्रयोगशाला भेजा गया है। नमूनों का विवरण निम्नवत है:
प्रतिष्ठान, संग्रहित मिठाई के नमूने
- मारवाड़ी होटल, सुभाष चौक- काजू बर्फी एवं गोंद के लड्डू
- शालीमार स्वीट्स, सुभाष चौक मिल्क केक एवं बेसन लड्डू
- पूनम स्वीट्स, सुभाष चौक पेड़ा एवं गोंद के लड्डू
प्रतिष्ठानों को साफ-सफाई एवं खाद्य सुरक्षा नियमों के पालन का निर्देश
निरीक्षण के दौरान सभी प्रतिष्ठानों में खाद्य सुरक्षा से संबंधित आवश्यक दस्तावेजों की जांच की गयी। खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी द्वारा सभी प्रतिष्ठान संचालकों को नियमित रूप से साफ-सफाई बनाये रखने तथा खाद्य पदार्थों के निर्माण एवं भंडारण में स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने का निर्देश दिया गया।
साथ ही, किसी भी परिस्थिति में एक्सपायर्ड सामग्री का उपयोग नहीं करने तथा प्रतिबंधित सामग्री एवं पेय पदार्थों का प्रयोग नहीं करने के संबंध में सख्त निर्देश दिये गये। प्रतिष्ठान संचालकों को खाद्य सुरक्षा मानकों एवं संबंधित नियमों का अनिवार्य रूप से पालन सुनिश्चित करने को कहा गया।
जांच अभियान आगे भी रहेगा जारी
खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा आगामी त्योहारों के दौरान आम नागरिकों को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिले में जांच अभियान लगातार जारी रखा जायेगा। विभाग द्वारा मिठाई दुकानों, होटलों एवं अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों की नियमित जांच करते हुए खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुपालन पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। उक्त जांच अभियान में खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी डेरिक तिग्गा एवं खाद्य सुरक्षा कार्यालय के श्री लुकेश रवानी उपस्थित रहे