बैंक और एटीएम केंद्रों की सुरक्षा बढ़ायी; थाना प्रभारी ने किया निरीक्षण
एबीएन न्यूज नेटवर्क, कतरास (धनबाद)। आगामी त्योहारों के मद्देनजर कतरास पुलिस ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता बढ़ा दी है। त्योहारों के दौरान बाजारों, बैंकों और एटीएम केंद्रों पर बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए पुलिस विशेष निगरानी अभियान चला रही है। इसी क्रम में थाना प्रभारी प्रवीण कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने विभिन्न बैंकों एवं एटीएम केंद्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान पुलिस ने एटीएम केंद्रों के आसपास की गतिविधियों पर नजर रखी। साथ ही बैंक एवं एटीएम परिसर में किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील की गयी। पुलिस का उद्देश्य त्योहारों के दौरान बैंक ग्राहकों को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराने के साथ-साथ चोरी, छिनतई और साइबर ठगी जैसी घटनाओं पर अंकुश लगाना है।
इस संबंध में थाना प्रभारी प्रवीण कुमार ने कहा कि त्योहारों के दौरान बाजारों और वित्तीय संस्थानों में लोगों की आवाजाही बढ़ जाती है। ऐसे में अपराध की आशंका को देखते हुए पुलिस पूरी तरह सतर्क है। उन्होंने आम लोगों से एटीएम का इस्तेमाल करते समय विशेष सावधानी बरतने, अपना पिन एवं बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा नहीं करने की अपील की।
कतरास पुलिस ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान शांति, सौहार्द्र और विधि-व्यवस्था बनाये रखना प्राथमिकता है। इसके लिए क्षेत्र में नियमित गश्ती, बैंक एवं एटीएम केंद्रों की निगरानी तथा विशेष चेकिंग अभियान लगातार जारी रहेगा।