झारखंड में अफीम की खेती, लखनऊ में हेरोईन बनाने की लैब; दिल्ली-एनसीआर में सप्लाई.. नशे के नेटवर्क का खुलासा
एबीएन सेंट्रल डेस्क। दिल्ली पुलिस ने झारखंड में अफीम की अवैध खेती करने वाले नशा तस्कर प्रकाश कुमार को गिरफ्तार किया है। वह लखनऊ में अफीम से हेरोइन बनाकर दिल्ली-एनसीआर में सप्लाई करता था।
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने एक अनोखे नशा तस्कर को अरेस्ट किया है। यह झारखंड की पहाड़ियों में सरकारी जमीन पर खुद अफीम की खेती करता था। फिर इस अफीम को लखनऊ लाकर प्रॉसेस करता और हेरोइन तैयार करता था। यहां से तैयार माल की सप्लाई दिल्ली व एनसीआर में करता था। दिल्ली पुलिस ने इस नशा तस्कर को झारखंड के चतरा से अरेस्ट किया है।
आरोपी की पहचान चतरा के ही रहने वाले प्रकाश कुमार के रूप में हुई है। पुलिस की पूछताछ में उसने कई ऐसे राज उगले हैं, जिन्हें सुनकर पुलिस टीम भी हैरान रह गई। पुलिस ने उसकी पहचान और निशानदेही के आधार पर झारखंड में फैले हेरोइन तस्करी के एक बड़े नेटवर्क को ध्वस्त कर दिया है। पुलिस की पूछताछ में प्रकाश ने बताया कि झारखंड की पहाड़ियों और जंगलों में वह खुद अफीम उगाता था।
बताया कि अफीम की फसल तैयार होने पर कच्चा माल लखनऊ पहुंचा देता था। यहां पर प्रॉसेसिंग कर अफीम से हेरोइन तैयार करता था। इसके बाद नेटवर्क के जरिए हेरोइन की खेप दिल्ली-एनसीआर पहुंचाई जाती थी। फिर इसे स्कूल कॉलेज और होटलों में सप्लाई किया जाता था। पुलिस ने प्रकाश के नेटवर्क से जुड़े 7 लोगों को अरेस्ट किया है।
नेटवर्क से जुड़े लोग नशा तस्करी के इस खेल में हर चरण में सिक्योरिटी चेक रखते थे। ये लोग पुलिस की नजर में आने से बचने के लिए अपनी जमीन के बजाय सरकारी जमीन पर अफीम उगाते थे। फिर छोटे-छोटे नेटवर्क के जरिए कच्चा माल लखनऊ लाया जाता था। इसी प्रकार तैयार माल की सप्लाई भी सीधे दिल्ली भेजने के बजाय छोटे-छोटे नेटवर्क के जरिए लाया जाता था।
नक्सलियों से भी मिला कनेक्शन
पुलिस के मुताबिक आरोपियों के नक्सलियों से भी कनेक्शन मिले हैं। आशंका है कि नशा तस्करी से होने वाली आमदनी का एक बड़ा हिस्सा नक्सलियों को पहुंचाया जाता था। यह हिस्सा उन्हें आश्रय देने से लेकर भोजन की व्यवस्था के रूप में दिया जाता था। पुलिस के मुताबिक इस नेटवर्क से एक व्यक्ति को कुछ समय पहले पकड़ा गया था। बेगमपुर निवासी इस युवक की पहचान लक्ष्मण हुड्डू के रूप में हुई थी। पुलिस ने उसके पास से 300 ग्राम हेरोइन और तीन लाख रुपये बरामद हुए थे।
ऐसे हुआ गैंग का खुलासा
पुलिस के मुताबिक लक्ष्मण से पूछताछ करते हुए पुलिस ने यूपी की रुखसार, बरेली के एजाज अहमद और बदायूं के मोहम्मद अजहर को पकड़ा। इनसे पूछताछ हुई तो पूरे नेटवर्क की कड़ियां जुड़ते हुए लखनऊ और फिर लखनऊ से झारखंड के चतरा तक पहुंच गई। इसके बाद पुलिस ने चतरा में दबिश देकर 8।128 किलो हेरोइन, 12।81 लाख रुपये नकद, 3 एसयूवी और एक रॉयल एनफील्ड बाइक बरामद किया है।