बैठक में मंत्री ने अधिकारियों को दिये आवश्यक दिशा-निर्देश
टीम एबीएन, रांची। मंत्री, पेयजल एवं स्वच्छता तथा उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग, योगेंद्र प्रसाद की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार, गिरिडीह में धनबाद, बोकारो एवं गिरिडीह जिलों में जल जीवन मिशन के तहत क्रियान्वित जलापूर्ति योजनाओं की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गयी। इस दौरान पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिह्न भेंट कर मंत्री योगेंद्र प्रसाद का स्वागत किया गया।
बैठक में मंत्री ने तीनों जिलों में संचालित योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा करते हुए लंबित एवं अधूरी योजनाओं को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूर्ण करने तथा निर्माण पूरा होने के बावजूद चालू नहीं हुई योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र शुरू करने का निर्देश दिया, ताकि आमजनों को स्वच्छ पेयजल की सुविधा का लाभ मिल सके।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कार्यपालक अभियंताओं को योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग करने, निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने तथा कार्यों में आ रही बाधाओं का त्वरित समाधान करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि योजनाओं के क्रियान्वयन में अनावश्यक विलंब अथवा लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी।
मंत्री योगेंद्र प्रसाद ने संवेदकों के साथ कार्यों की समीक्षा करते हुए निर्धारित समयसीमा में योजनाएं पूर्ण नहीं करने वाले संवेदकों एवं संबंधित एजेंसियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई करने का निर्देश दिया। आवश्यकता पड़ने पर संबंधित एजेंसियों को ब्लैकलिस्ट करने की प्रक्रिया शुरू करने की बात भी कही।
उन्होंने अधिकारियों एवं कार्यदायी एजेंसियों को आपसी समन्वय के साथ पूरी गंभीरता एवं तत्परता से कार्य करते हुए लंबित योजनाओं को शीघ्र पूर्ण करने तथा जल जीवन मिशन के निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप आमजनों को स्वच्छ एवं सुलभ पेयजल उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
बैठक में पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के सचिव, जल जीवन मिशन के अभियान निदेशक, प्रबंध निदेशक (एमडी), अभियंता प्रमुख, गिरिडीह के उपायुक्त एवं बोकारो की उप विकास आयुक्त सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।