खाटू श्याम जाने वाले श्रद्धालुओं को राहत
एबीएन न्यूज नेटवर्क, जमशेदपुर। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने जमशेदपुर (टाटानगर) से जयपुर के बीच बहुप्रतीक्षित नई साप्ताहिक एक्सप्रेस ट्रेन सेवा का आॅनलाइन माध्यम से शुभारंभ किया। इस नयी ट्रेन सेवा के शुरू होने से खाटू श्याम जाने वाले श्रद्धालुओं और आम यात्रियों को सीधी यात्रा की सुविधा मिलेगी।
नयी एक्सप्रेस ट्रेन की शुरुआत
टाटानगर रेलवे स्टेशन पर आयोजित भव्य कार्यक्रम के दौरान टाटानगर, सांतरागाछी और खातीपुरा स्टेशनों से ट्रायल रन स्पेशल ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इस समारोह में टाटानगर स्टेशन पर स्थानीय सांसद बिद्युत बरण महतो, जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय, पूर्वी जमशेदपुर की विधायक पूर्णिमा साहू और चक्रधरपुर मंडल के डीआरएम तरुण हुरिया उपस्थित रहे। वहीं पश्चिम बंगाल से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शुभेंदु अधिकारी, कैबिनेट मंत्री दिलीप घोष और दक्षिण पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक अनिल कुमार जैन जुड़े।
आॅनलाइन संबोधन में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि सांसद बिद्युत बरण महतो अक्सर इस ट्रेन की मांग करते थे। जयपुर के मुख्य टर्मिनल पर अत्यधिक ट्रैफिक होने के कारण खातीपुरा में नए टर्मिनल का निर्माण पूरा होते ही यह सेवा शुरू करने का आश्वासन दिया गया था। निर्माण कार्य पूरा होने के साथ ही यह वादा पूरा हो गया है।
रेल मंत्री ने बताया कि ट्रैफिक समस्या से निपटने के लिए हावड़ा से मुंबई के बीच चौथी रेल लाइन के निर्माण को मंजूरी मिल गई है। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की चार लेन राष्ट्रीय राजमार्ग योजना की तर्ज पर अब देशभर में चार लेन वाली रेल लाइनों का निर्माण किया जा रहा है।