रांची में दिल्ली पुलिस की छापेमारी, वाहन चोर गिरोह पर शिकंजा; 2 थार और 4 बाइक बरामद
टीम एबीएन, रांची। रांची के कांके स्थित सुहाना सिटी में दिल्ली पुलिस और रांची पुलिस की संयुक्त छापेमारी में दिल्ली के वाहन चोर गिरोह पर पुलिस ने शिकंजा कसा है। छापेमारी के दौरान चोरी की 2 थार और 4 मोटरसाइकिल बरामद किये गये। गिरोह का मुख्य आरोपी समीर अंसारी फिलहाल फरार है।
वाहन चोर गिरोह की तलाश में जीपीएस की सहायता से दिल्ली पुलिस कांके पहुंची। पुलिस के पहुंचने की जानकारी होते ही आरोपी घर के पिछले दरवाजे से भाग निकला। घर के पीछे धन के खेत में पुलिस ने आरोपी की तलाश की, लेकिन पुलिस को सफलता नहीं मिली और आरोपी मौके से फरार हो गया।
वाहन चोर गिरोह के संबंध में पुलिस ने बताया कि यह गिरोह फर्जी पहचान पत्र दिखाकर ट्रैवल एजेंसियों से किराये पर गाड़ियां लेते थे। इसके बाद नंबर प्लेट बदलकर वाहनों को छिपा देते थे। गिरोह पर चोरी के वाहन बेचने या कबाड़ में खपाने का आरोप है।