Breaking
ताज़ा समाचार लोड हो रहा है...
लाइव: 28
होम देश झारखंड खेल समाचार राज काज कानून व्यवस्था करियर बिजनेस वर्ल्ड हेल्थ विचार ज्ञान विज्ञान समाज वन और पर्यावरण मनोरंजन बिहार विज्ञापन
राज काज

रांची : राज्यपाल ने किया श्री राम लला पूजा समिति के पंडाल का उद्घाटन

शेयर करें: WhatsApp Facebook X Back to ePaper
रांची : राज्यपाल ने किया श्री राम लला पूजा समिति के पंडाल का उद्घाटन
विज्ञापन

स्वर्वेद महामंदिर के भव्य स्वरूप ने मोहा श्रद्धालुओं का मन 

राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार एवं रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने किया कन्या पूजन 

भक्ति, आस्था, संस्कृति और भव्य स्थापत्य कला का अद्भुत संगम बना पूजा पंडाल 

टीम एबीएन, रांची। श्री राम लला पूजा समिति, रांची द्वारा लगातार तीसरे वर्ष दुर्गा पूजा के अवसर पर तैयार किया गया भव्य पूजा पंडाल श्रद्धा, भक्ति, आस्था और भारतीय संस्कृति के अद्भुत संगम के रूप में उभरकर सामने आया है। इस वर्ष पंडाल को वाराणसी स्थित विश्वविख्यात स्वर्वेद महामंदिर की स्थापत्य शैली पर तैयार किया गया है। बुधवार 14 अक्टूबर को झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने पंडाल का विधिवत उद्घाटन किया। इस अवसर पर रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ सहित अनेक जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे। 

उद्घाटन समारोह के दौरान मां के दरबार में नौ कन्याओं का पूजन केकर अतिथियों ने नारी शक्ति के सम्मान और सनातन परंपरा के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की। इसके पश्चात श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए पंडाल के पट खोल दिये गये। मां के दर्शन के लिए भक्तों में विशेष उत्साह देखने को मिला। समिति की ओर से अध्यक्ष अशोक चौधरी एवं महासचिव कुणाल आजमानी ने  राज्यपाल का अंगवस्त्र, पुष्पगुच्छ एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर स्वागत एवं अभिनंदन किया। 

समारोह में महापौर रोशनी खलखो, सांसद दीपक प्रकाश, विधायक सीपी सिंह, विधायक नवीन जायसवाल, उपमहापौर नीरज कुमार, रवींद्र राय सहित अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। समिति की ओर से सभी अतिथियों का पारंपरिक रूप से स्वागत किया गया। इस अवसर पर रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने पूजा पंडाल की भव्यता एवं आकर्षक कलाकृति की सराहना करते हुए सभी को दशहरा की शुभकामनाएं दीं। महामहिम राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने भी श्रद्धालुओं को विजयादशमी की शुभकामनाएं देते हुए आयोजन समिति के प्रयासों की प्रशंसा की। 

स्वर्वेद महामंदिर की स्थापत्य शैली का भव्य स्वरूप 

इस वर्ष पूजा पंडाल की सबसे बड़ी विशेषता वाराणसी के स्वर्वेद महामंदिर की स्थापत्य शैली पर आधारित इसकी भव्य संरचना है। समिति के महासचिव श्री कुणाल आजमानी ने बताया कि पंडाल की प्रस्तावित चौड़ाई लगभग 150 फीट और ऊंचाई लगभग 100 फीट रखी गयी है। इसके मध्य में निर्मित गर्भगृह की ऊंचाई लगभग 30 फीट है। आकर्षक प्रवेश द्वार, मनमोहक सजावट, रंग-बिरंगी कलाकृतियां और भव्य आंतरिक संरचना पंडाल को विशिष्ट स्वरूप प्रदान करती हैं। 

वाराणसी का स्वर्वेद महामंदिर अपनी विशाल स्थापत्य कला और आध्यात्मिक महत्त्व के लिए प्रसिद्ध है। इसी प्रेरणा को रांची में साकार करने का प्रयास किया गया है, ताकि श्रद्धालु पूजा-अर्चना के साथ भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक विरासत की भव्यता का भी अनुभव कर सकें। 

समिति ने अपने गठन के तीसरे वर्ष में भी श्रद्धालुओं के लिए एक अलग और आकर्षक धार्मिक थीम प्रस्तुत की है। वर्ष 2024 में श्री राम मंदिर के प्रारूप तथा वर्ष 2025 में गुजरात के भुज स्थित स्वामीनारायण मंदिर की थीम पर पंडाल निर्माण के बाद इस वर्ष स्वर्वेद महामंदिर का प्रारूप तैयार किया गया है। 

उद्घाटन के अवसर पर शाम सात बजे से भव्य भजन संध्या का आयोजन किया गया। मां के सुमधुर भजनों ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। श्रद्धालु भक्ति गीतों की धुन पर झूमते नजर आये और जयकारों से पंडाल परिसर गुंजायमान हो उठा। 

पूजा पंडाल परिसर में श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए विभिन्न व्यवस्थाएं की गयी हैं। महिलाओं, पुरुषों और बच्चों के मनोरंजन के लिए छोटे-बड़े झूलों की व्यवस्था की गई है। इसके साथ ही उचित मूल्य पर अल्पाहार एवं विभिन्न प्रकार के व्यंजनों के स्टॉल भी लगाये गये हैं, जहां श्रद्धालु अनेक स्वादिष्ट व्यंजनों का आनंद ले सकते हैं। 

झारखंड के विभिन्न जिलों के साथ-साथ दूसरे राज्यों से आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए समिति की ओर से आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने का प्रयास किया गया है। भव्य सजावट, कलात्मक निर्माण और धार्मिक वातावरण के कारण यह पंडाल श्रद्धालुओं के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बन गया है। 

श्रद्धालुओं से सपरिवार दर्शन करने की अपील 

समिति के प्रवक्ता प्रमोद सारस्वत एवं बादल सिंह ने झारखंड के समस्त श्रद्धालुओं से अपने परिवार और इष्ट-मित्रों के साथ पूजा पंडाल पहुंचकर मां भगवती के दर्शन करने तथा इस भव्य धार्मिक आयोजन का हिस्सा बनने की अपील की। 

उद्घाटन समारोह में प्रेमचंद श्रीवास्तव, दिलीप सोनी, प्रकाश धेलिया, प्रवीण सिंह, मुकेश अग्रवाल, रोहित अग्रवाल, धीरज तनेजा, दीपक पाठक, संजय कुमार अग्रवाल, महेश सोनी, संजय गुप्ता, प्रमोद सारस्वत, बादल सिंह, अनिल केसरी, सुमित कक्कड़, उमेश प्रसाद, कैलाश छापड़िया, विकास सिंह, पवन बजाज, अनिल गोयल, विवेक कुमार, उमंग सुल्तानिया, मनीष जैन, दीपक चौधरी, मनीष लोधा, निर्मल जालान, रवि प्रकाश टुना, अनिल चौधरी, शुभम मित्तल, राजीव सिंह, अमन प्रकाश, शुभम शर्मा, सोनू भारद्वाज, ओम प्रकाश शर्मा, कमलेश शर्मा, भावेन राठौर, प्रथम भाला एवं कृष्णा अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में समिति के सदस्य उपस्थित थे। उक्त जानकारी श्री राम लला पूजा समिति, रांची के प्रवक्ता प्रमोद सारस्वत एवं बादल सिंह ने दी।

विज्ञापन