- धनबाद पहुंचे राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार, एयरपोर्ट पर गार्ड ऑफ ऑनर से हुआ स्वागत
- बीबीएमकेयू के कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे राज्यपाल, सुरक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट
एबीएन न्यूज नेटवर्क, धनबाद। झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार शुक्रवार को धनबाद पहुंचे। बरवाअड्डा हवाईअड्डे पर जिला प्रशासन की ओर से उनका स्वागत किया गया। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन, पुलिस महानिरीक्षक (कोयला प्रक्षेत्र, बोकारो) शैलेन्द्र कुमार सिन्हा, वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार, नगर आयुक्त आशीष गंगवार, ग्रामीण एसपी एस. मोहम्मद याकूब और अनुमंडल दंडाधिकारी लोकेश बारंगे ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका अभिनंदन किया। इसके बाद जिला प्रशासन की ओर से राज्यपाल को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया।
हवाईअड्डे पर स्वागत कार्यक्रम के बाद राज्यपाल सड़क मार्ग से बिनोद बिहारी महतो कोयलांचल विश्वविद्यालय (बीबीएमकेयू) में आयोजित कार्यक्रमों में शामिल होने के लिए रवाना हुए।
सुरक्षा के लिए बनाया गया बहुस्तरीय सुरक्षा चक्र
राज्यपाल के आगमन को लेकर जिला प्रशासन ने सुरक्षा और विधि-व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए थे। बरवाअड्डा हवाईअड्डे से बीबीएमकेयू परिसर तक पूरे मार्ग और कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी गई। रूट पर ट्रैफिक पुलिस और दंडाधिकारियों की तैनाती की गई, ताकि आवागमन सुचारू रहे और किसी तरह की अव्यवस्था न हो।
सुरक्षा के मद्देनजर एंटी-सबोटाज जांच, स्नीफर डॉग दस्ता, डोर फ्रेम मेटल डिटेक्टर (DFMD), हैंड-हेल्ड मेटल डिटेक्टर (HHMD) और बैगेज स्कैनर की व्यवस्था की गई थी। वहीं, आपात स्थिति से निपटने के लिए कार्यक्रम स्थल और हेलीपैड पर मेडिकल टीम, एम्बुलेंस तथा अग्निशमन दस्ता तैनात रखा गया।
वरीय अधिकारियों की निगरानी में रही व्यवस्था
राज्यपाल के आगमन के दौरान संपूर्ण सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था की जिम्मेदारी अपर जिला दंडाधिकारी (विधि-व्यवस्था) अरविन्द कुमार ओझा और ग्रामीण एसपी एस. मोहम्मद याकूब के वरीय प्रभार में रही।
इस मौके पर प्रभारी सिविल सर्जन डॉ. संजीव कुमार प्रसाद, जिला परिवहन पदाधिकारी दिवाकर सी. द्विवेदी, सहायक नगर आयुक्त प्रकाश कुमार, एनडीसी दीपक कुमार दुबे सहित जिला प्रशासन के अन्य अधिकारी मौजूद रहे। राज्यपाल के दौरे को लेकर प्रशासनिक स्तर पर सुरक्षा, यातायात और आपातकालीन सेवाओं की व्यवस्था सुनिश्चित की गई थी।