- धनबाद : मेयर-विधायक ने लिया दशहरा, दिवाली और छठ की तैयारियों का जायजा
- दुर्गा पूजा दीपावली व छठ को लेकर धनबाद के मेयर संजीव सिंह सहित झरिया विधायक रागिनी सिंह ने झरिया क्षेत्र का किया निरीक्षण
- चार नंबर से बाटा मोड़ तक सड़क . नाली. सफाई व बिजली व्यवस्था का लिया जायजा
- अधिकारियों को समय पर तैयारी पूरी करने का दिया निर्देश!
एबीएन न्यूज नेटवर्क, धनबाद। आगामी दुर्गा पूजा, दीपावली एवं छठ महापर्व को देखते हुए धनबाद नगर निगम के महापौर संजीव सिंह एवं झरिया विधायक रागिनी सिंह ने बुधवार को झरिया के विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण कर पर्व-त्योहार की तैयारियों का जायजा लिया।
दोनों जनप्रतिनिधियों ने झरिया चार नंबर, धर्मशाला रोड चार नंबर, बाटा मोड़, लक्ष्मणीया मोड़ सहित आसपास के इलाकों का भ्रमण कर सड़क, नाली, साफ-सफाई एवं बिजली व्यवस्था की स्थिति देखी। निरीक्षण के दौरान झरिया राजा तालाब में प्रस्तावित विद्युत सौंदर्यीकरण को लेकर भी संबंधित अधिकारियों के साथ विस्तार से चर्चा की गयी।
महापौर एवं विधायक ने कहा कि पर्व के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की आवाजाही होती है। ऐसे में साफ-सफाई, जल निकासी, सड़क, प्रकाश व्यवस्था और बिजली आपूर्ति जैसी मूलभूत सुविधाओं को दुरुस्त रखना जरूरी है।
महापौर संजीव सिंह ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि पर्व-त्योहार के दौरान आम लोगों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा, जनता की सुविधा और शहर की बेहतर व्यवस्था नगर निगम की प्राथमिकता है।
दुर्गा पूजा, दीपावली और छठ को देखते हुए सफाई, नाली, सड़क एवं प्रकाश व्यवस्था से जुड़ी कमियों को समय रहते दूर किया जाये। जिन कार्यों की आवश्यकता है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जाये ताकि श्रद्धालुओं को सुगम और सुरक्षित वातावरण मिल सके।
वहीं झरिया विधायक रागिनी सिंह ने कहा कि झरिया में पर्व- त्योहार आस्था और उत्साह के साथ मनाया जाता है। हमारी कोशिश है कि श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो। सड़क, नाली, सफाई और बिजली जैसी आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर संबंधित अधिकारियों से समन्वय कर समय रहते सभी कमियों को दूर कराया जायेगा। राजा तालाब के सौंदर्यीकरण और प्रकाश व्यवस्था को भी बेहतर बनाने की दिशा में आवश्यक पहल की जा रही है।
दोनों जनप्रतिनिधियों ने संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ मौके पर ही विभिन्न समस्याओं और आवश्यक कार्यों पर चर्चा करते हुए पर्व से पहले व्यवस्थाएं दुरुस्त करने पर जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि क्षेत्र में नियमित निगरानी रखते हुए जहां भी समस्या सामने आये। उसका तत्काल समाधान सुनिश्चित किया जाये। इस अवसर पर नगर निगम के अभियंता एवं संबंधित अधिकारी गण सहित स्थानीय आमजन मौजूद रहे।