निबंधन की आॅनलाइन प्रक्रिया, अभिलेखों के संधारण एवं आमजनों को उपलब्ध करायी जा रही सेवाओं का लिया जायजा
एबीएन न्यूज नेटवर्क, कोडरमा। प्रमंडलीय आयुक्त, उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल, हजारीबाग विजय कुमार गुप्ता ने कोडरमा जिले का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने अवर निबंधन कार्यालय, कोडरमा का निरीक्षण कर कार्यालय की कार्यप्रणाली एवं विभिन्न गतिविधियों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान प्रमंडलीय आयुक्त ने कार्यालय में अभिलेखों के संधारण एवं संरक्षण, निबंधन से संबंधित कार्यों की प्रगति तथा आमजनों को उपलब्ध करायी जा रही सेवाओं की जानकारी ली। उन्होंने रजिस्ट्री की आॅनलाइन प्रक्रिया के साथ-साथ निबंधन की संपूर्ण प्रक्रिया के संबंध में संबंधित पदाधिकारियों से विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
प्रमंडलीय आयुक्त ने कार्यालय में लगे सीसीटीवी कैमरों की मॉनिटरिंग व्यवस्था की जानकारी ली तथा प्रतिबंधित सूची का अवलोकन किया। इसके साथ ही उन्होंने कार्यालय में उपलब्ध कर्मियों की संख्या एवं उनके बीच किये गये कार्य आवंटन की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने फ्लैटों के निबंधन की प्रक्रिया के संबंध में भी विस्तार से जानकारी ली।
उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को विभाग द्वारा निर्धारित लक्ष्य की प्राप्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही अभिलेखों के व्यवस्थित संधारण एवं संरक्षण तथा निबंधन से संबंधित कार्यों का नियमानुसार एवं सुचारू रूप से निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा।
इस दौरान उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता, उप विकास आयुक्त रवि जैन, अपर समाहर्ता संजय पी.एम. कूजूर, अनुमंडल पदाधिकारी निर्मल सोरेन एवं जिला अवर निबंधक पदाधिकारी विकास कुमार सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।