पैक्स गोदाम बनने से किसानों को मिलेगा लाभ : विधायक मनोज यादव
एबीएन न्यूज नेटवर्क, चंदवारा (कोडरमा)। प्रखंड की चंदवारा पश्चिमी पंचायत स्थित डिग्री कॉलेज के समीप बुधवार को क्षेत्र के विकास को लेकर एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। बरही विधायक मनोज कुमार यादव ने फीता काटकर समेकित सहकारी विकास परियोजना के तहत 500 मीट्रिक टन (एमटी) क्षमता वाले गोदाम का शिलान्यास किया।
इसके साथ ही उन्होंने डिग्री कॉलेज पीसीसी पथ का भी विधिवत उद्घाटन किया। समारोह को संबोधित करते हुए विधायक मनोज कुमार यादव ने कहा कि ग्रामीण इलाकों में आधारभूत संरचनाओं का मजबूत होना बेहद जरूरी है। इससे स्थानीय लोगों को न केवल बेहतर सुविधाएं मिलेंगी, बल्कि 500 एमटी गोदाम के निर्माण से क्षेत्र के किसानों को अपनी उपज के भंडारण और सुरक्षा में बड़ा लाभ पहुंचेगा।
सरकार और जनप्रतिनिधियों का प्रयास है कि विकास की योजनाएं धरातल पर उतरें। कार्यक्रम में मुख्य रूप से विधायक प्रतिनिधि लक्ष्मण यादव, सांसद प्रतिनिधि बंटी मोदी, सुखदेव साव, जिला परिषद सदस्य नीतू यादव, उपप्रमुख खुशबू देवी, पूर्व प्रमुख महेंद्र यादव, लीलावती देवी, प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी संजय कुमार, पैक्स अध्यक्ष विजेंद्र यादव, वीरेंद्र यादव, सुरेश यादव, रामप्रसाद यादव, आनंद मोदी, परमेश्वर साव, रामचंद्र यादव और अजय मोदी सहित कई स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण मौजूद रहे।