- संचालन पर जल्द निर्णय संभव, 12 साल बाद फिर पटरी पर लौटेगी धनबाद-हावड़ा डबल डेकर
- रेलवे बोर्ड के फैसले पर टिकी उम्मीदें, हावड़ा यार्ड में खड़ी डबल डेकर ट्रेन का मुद्दा रेलवे बोर्ड तक पहुंचा, संचालन पर जल्द निर्णय संभव
- 12 साल बाद फिर पटरी पर लौटेगी धनबाद-हावड़ा डबल डेकर? रेलवे बोर्ड के फैसले पर टिकी उम्मीदें
एबीएन न्यूज नेटवर्क, धनबाद। करीब 12 वर्षों से बंद धनबाद-हावड़ा डबल डेकर ट्रेन के एक बार फिर पटरी पर लौटने की उम्मीद जगी है। कोलकाता में आयोजित पीसीएमई कॉन्फ्रेंस-2026 में पूर्व रेलवे ने रेलवे बोर्ड के समक्ष लंबे समय से यार्ड में खड़े डबल डेकर रैक के भविष्य और उसके संचालन का मुद्दा उठाया है। अब इस मामले में रेलवे बोर्ड के निर्णय का इंतजार किया जा रहा है।
धनबाद-हावड़ा के बीच चलने वाली यह देश की पहली एसी डबल डेकर ट्रेन 1 अक्टूबर 2011 को शुरू हुई थी। तत्कालीन रेल मंत्री दिनेश त्रिवेदी ने हावड़ा स्टेशन से इसे हरी झंडी दिखाई थी। शुरुआत में यात्रियों में उत्साह रहा, लेकिन महंगा किराया और सुविधाजनक नहीं मानी गयी समय-सारिणी के कारण इसकी मांग धीरे-धीरे कम होती गयी।
रेलवे के आंकड़ों के अनुसार, कई फेरे में ट्रेन की बुकिंग महज 13 से 22 प्रतिशत तक सीमित रह गयी थी। कम यात्रियों और घाटे के कारण पहले इसे कोहरे के दौरान रद्द किया गया और बाद में 1 जनवरी 2016 से इसका नियमित परिचालन बंद कर दिया गया। हालांकि उसी वर्ष छठ पर्व के दौरान 23 अक्टूबर से 8 नवंबर तक इसे स्पेशल ट्रेन के रूप में चलाया गया, लेकिन इसके बाद सेवा फिर बंद हो गयी।
पूर्व रेलवे के सीपीआरओ शिवराम मांझी के अनुसार, डबल डेकर ट्रेन के परिचालन को लेकर रेलवे बोर्ड से अभी कोई अंतिम आदेश नहीं मिला है। बोर्ड के निर्णय के बाद ही आगे की स्थिति स्पष्ट होगी। यदि हरी झंडी मिलती है तो वर्षों से यार्ड में खड़ी चर्चित धनबाद-हावड़ा डबल डेकर ट्रेन एक बार फिर यात्रियों के लिए दौड़ती नजर आ सकती है।