धनबाद एसएसपी का राष्ट्रीय जलवा! देश के टॉप-25 पुलिस कप्तानों में 18वीं रैंक, झारखंड से अकेले
एबीएन न्यूज नेटवर्क, धनबाद। धनबाद के लिए गर्व की बड़ी खबर सामने आयी है। जिले के वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) प्रभात कुमार को राष्ट्रीय स्तर पर शानदार पहचान मिली है। फेम इंडिया-एशिया पोस्ट के देश के 25 सर्वश्रेष्ठ पुलिस कप्तान-2026 विशेषांक में उन्हें 18वां स्थान दिया गया है। खास बात यह है कि इस प्रतिष्ठित सूची में शामिल होने वाले वे झारखंड के एकमात्र पुलिस अधिकारी हैं।
देशभर के करीब 1,100 से अधिक जिला पुलिस प्रमुखों के बीच कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, जनमित्र पुलिसिंग, नेतृत्व क्षमता, नवाचार, संकट प्रबंधन, त्वरित निर्णय, जनसंपर्क और जवाबदेही समेत 10 प्रमुख मानकों पर मूल्यांकन के बाद 25 अधिकारियों का चयन किया गया।
संगठित अपराध के खिलाफ सख्ती बनी पहचान
विशेषांक में प्रभात कुमार की संगठित अपराध के खिलाफ रणनीतिक और सख्त पुलिसिंग को विशेष रूप से रेखांकित किया गया है। बीते वर्ष धनबाद एसएसपी की जिम्मेदारी संभालने के बाद उन्होंने संगठित एवं आर्थिक अपराध पर प्रभावी कार्रवाई के लिए विशेष रणनीति बनायी।
अपराधी गिरोहों के नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए विशेष टीमों का गठन किया गया, वहीं फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान तेज किया गया। पुलिस ने एक ही दिन में 249 लंबित वारंटों का निष्पादन करते हुए 34 आरोपियों को गिरफ्तार करने में भी सफलता हासिल की।
अपराध के मामलों में करीब 30 प्रतिशत की कमी
पुलिस समीक्षा के अनुसार, जुलाई 2026 में पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में अपराध के मामलों में करीब 30 प्रतिशत की कमी दर्ज की गयी। इसे धनबाद पुलिस की रणनीतिक कार्रवाई और प्रभावी अपराध नियंत्रण अभियान की महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।
2014 बैच के आईपीएस अधिकारी प्रभात कुमार इससे पहले रामगढ़ के एसपी, जमशेदपुर के एसएसपी और पाकुड़ के एसपी के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। राष्ट्रीय स्तर पर मिली इस उपलब्धि को न केवल प्रभात कुमार की व्यक्तिगत सफलता, बल्कि धनबाद पुलिस के लिए भी एक बड़ी उपलब्धि और गौरव का क्षण माना जा रहा है।