दुर्गा पूजा को लेकर रांची जिला प्रशासन और पुलिस ने शुरू की तैयारी, पूजा पंडालों का किया निरीक्षण
टीम एबीएन, रांची। दुर्गा पूजा को लेकर रांची जिला प्रशासन और पुलिस ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। शहर में पूजा के दौरान सुरक्षा, ट्रैफिक और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर अधिकारियों की टीम लगातार निरीक्षण कर रही है। रांची के एसडीएम, एडीएम लॉ एंड आर्डर, सिटी एसपी, एएसपी और कोतवाली डीएसपी समेत अन्य अधिकारी शहर के प्रमुख पूजा स्थलों और पंडालों का जायजा ले रहे हैं।
इसी क्रम में जिला स्कूल, बकरी बाजार सहित शहर के विभिन्न पूजा पंडालों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान पूजा पंडालों में आने वाले श्रद्धालुओं के प्रवेश और निकासी की व्यवस्था को लेकर पूजा समितियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। साथ ही भीड़ नियंत्रण और आपात स्थिति से निपटने की तैयारियों की भी समीक्षा की गई।
अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था, ट्रैफिक प्रबंधन, साफ-सफाई, पार्किंग और श्रद्धालुओं की सुविधा समेत कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर पूजा समितियों के साथ चर्चा की। बैठक और निरीक्षण के दौरान विभिन्न पूजा समितियों के प्रतिनिधियों के साथ महावीर मंडल के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।