सीएम हेमंत सोरेन ने राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार को जेपीएससी और जेएसएससी की कथित अनियमितताओं व छात्र आंदोलन से कराया अवगत
टीम एबीएन, रांची। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बुधवार को लोक भवन में राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार से भेंट कर झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) एवं झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएससी) की नियुक्ति प्रक्रियाओं में कथित अनियमितताओं तथा इसके विरोध में रांची में चल रहे छात्र आंदोलन के संबंध में अवगत कराया।
राज्यपाल ने छात्रहित को सर्वोपरि बताते हुए परीक्षा प्रक्रियाओं में पारदर्शिता, निष्पक्षता एवं युवाओं के विश्वास को बनाये रखने की आवश्यकता पर बल दिया तथा कथित अनियमितताओं को अत्यंत गंभीर विषय बताया। उन्होंने कहा कि आयोग इस प्रकार कार्य करें कि उनकी पारदर्शिता एवं विश्वसनीयता पर किसी भी प्रकार का प्रश्नचिह्न न लगे।
मुख्यमंत्री ने आश्वस्त किया कि राज्य सरकार छात्रों को न्याय दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि युवाओं के साथ किसी भी प्रकार का अन्याय नहीं होने दिया जायेगा तथा इस संबंध में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जायेगी। उक्त अवसर पर राज्य के मुख्य सचिव अविनाश कुमार भी उपस्थित थे।