पहली सोमवारी पर रांची पुलिस अलर्ट : 500 अतिरिक्त जवान तैनात, कावर पथ पर विशेष चौकसी
टीम एबीएन, रांची। सावन की पहली सोमवारी को लेकर रांची पुलिस विशेष अलर्ट पर है। लाखों श्रद्धालुओं के पहाड़ी मंदिर और अन्य प्रमुख शिवालयों में पहुंचने की संभावना को देख रांची पुलिस और जिला प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा और ट्रैफिक प्रबंधन की तैयारी की है। खासकर कावर पथ पर विशेष नजर रखी जा रही है।
रांची सीनियर एसपी राकेश रंजन ने बताया कि शहर में करीब 500 अतिरिक्त पुलिसकर्मियों की तैनाती की जा रही है, जबकि डीएसपी से लेकर थाना स्तर तक के अधिकारी सुबह से ही सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करेंगे। सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने के लिए रांची के पुलिस अफसर सभी महत्वपूर्ण शिव मंदिरों का निरीक्षण भी कर चुके हैं।
वरीय अधिकारियों के द्वारा भी पहाड़ी मंदिर समेत प्रमुख शिवालयों का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गये हैं। सीनियर एसपी ने स्पष्ट किया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और भीड़ प्रबंधन को बेहद मजबूत किया जा रहा है।
श्रावण मास की पहली सोमवारी पर बड़ी संख्या में कांवरियों और श्रद्धालुओं के नामकुम स्थित स्वर्णरेखा नदी से जल लेकर पहाड़ी मंदिर पहुंचने की परंपरा को देखते हुए पूरे मार्ग पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था की गयी है। प्रमुख चौक-चौराहों, संवेदनशील स्थानों और मंदिर परिसर के आसपास पुलिस बल तैनात रहेंगे। बाइक पेट्रोलिंग टीमों को लगातार गश्त करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है।
शहर में लगे सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से कंट्रोल रूम से लगातार निगरानी की जायेगी। इसके लिए अलग से पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगायी गयी है। अधिकारियों का मानना है कि पहली सोमवारी होने के कारण सामान्य दिनों की तुलना में कहीं अधिक भीड़ उमड़ेगी। ऐसे में मंदिर परिसर में भीड़ का दबाव नियंत्रित रखने पर विशेष ध्यान दिया जायेगा ताकि भगदड़ जैसी स्थिति उत्पन्न न हो।