Breaking
ताज़ा समाचार लोड हो रहा है...
राज काज

बीआईटी मेसरा के 72वें स्थापना दिवस समारोह के गवाह होंगे गवर्नर

शेयर करें: WhatsApp Facebook X
बीआईटी मेसरा के 72वें स्थापना दिवस समारोह के गवाह होंगे गवर्नर
विज्ञापन
  • बीआईटी मेसरा के 72वें स्थापना दिवस समारोह के गवाह होंगे गवर्नर
  • बीआईटी मेसरा ने 72वें स्थापना दिवस समारोह की घोषणा की
  • झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार मुख्य अतिथि के रूप में समारोह की शोभा बढ़ायेंगे

टीम एबीएन, रांची। बिरला प्रौद्योगिकी संस्थान (बीआईटी), मेसरा 15 जुलाई, 2026 को अपना 72वां स्थापना दिवस मनाने जा रहा है। यह अवसर शैक्षणिक उत्कृष्टता, अनुसंधान, नवाचार और राष्ट्र-निर्माण की दिशा में संस्थान की गौरवशाली यात्रा का एक महत्वपूर्ण पड़ाव होगा। झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।

स्थापना दिवस समारोह से पूर्व, बीआईटी मेसरा ने आगामी कार्यक्रम से जुड़ी जानकारी साझा करने तथा संस्थान की समृद्ध विरासत, बढ़ती वैश्विक पूर्व छात्र सहभागिता, शैक्षणिक सहयोग, अनुसंधान पहलों और परिसर के बुनियादी ढांचे में हुए हालिया विकास पर प्रकाश डालने के लिए लालपुर में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया।

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान प्रो श्रद्धा शिवानी, डीन, एलुमनाई एवं अंतर्राष्ट्रीय संबंध; डॉ विशाल एच शाह, एसोसिएट डायरेक्टर, एलुमनाई रिलेशंस; सुश्री दीपिका दीप, एसोसिएट डायरेक्टर, प्लेसमेंट्स एवं आउटरीच; और डॉ मृणाल पाठक, समन्वयक, मीडिया सेल, बीआईटी मेसरा ने प्रवक्ताओं के रूप में मीडिया को संबोधित किया।

स्थापना दिवस समारोह में विशिष्ट अतिथियों, पूर्व छात्रों, संकाय सदस्यों, विद्यार्थियों और अन्य हितधारकों का एक प्रतिष्ठित समागम होगा। टेगा इंडस्ट्रीज लिमिटेड के चेयरमैन मदन मोहन मोहनका और आईआईटी भुवनेश्वर के निदेशक प्रो श्रीपद करमलकर विशिष्ट अतिथि के रूप में समारोह में शामिल होंगे।

इस अवसर पर 1986, 1996 और 2001 बैच के पूर्व छात्रों का पुनर्मिलन भी आयोजित किया जायेगा, जो बीआईटी के पूर्व छात्रों की विभिन्न पीढ़ियों को अपनी मातृसंस्था से पुन: जुड़ने और संस्थान की गौरवशाली विरासत का उत्सव मनाने के लिए एक मंच प्रदान करेगा। संस्थान के प्रतिष्ठित पूर्व छात्रों को उनकी उपलब्धियों और योगदान के लिए विभिन्न पुरस्कार श्रेणियों में सम्मानित किया जायेगा। कई पुरस्कार विजेता अपना सम्मान प्राप्त करने के लिए समारोह में व्यक्तिगत रूप से उपस्थित रहेंगे।

समारोह का एक अन्य प्रमुख आकर्षण रिसर्च कोलोक्वियम का ग्रैंड फिनाले होगा, जहां चयनित प्रतिभागी विशिष्ट अतिथियों एवं गणमान्यजनों के समक्ष अपने शोध प्रस्तुत करेंगे और शीर्ष पुरस्कारों के लिए प्रतिस्पर्धा करेंगे। यह पहल अनुसंधान, अंत:विषय सहयोग और नवाचार की सुदृढ़ संस्कृति को बढ़ावा देने के प्रति बीआईटी मेसरा की निरंतर प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

प्रेस वार्ता के दौरान, प्रवक्ताओं ने इंजीनियरिंग शिक्षा, वैज्ञानिक अनुसंधान, नवाचार और उद्यमिता के क्षेत्र में बीआईटी मेसरा के दीर्घकालिक योगदान के साथ-साथ उद्योग-अकादमिक साझेदारी को मजबूत करने और भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप पेशेवरों को तैयार करने के लिए संस्थान द्वारा किये जा रहे निरंतर प्रयासों पर प्रकाश डाला।

उन्होंने वर्ष 2025-26 के दौरान संस्थान की वैश्विक पूर्व छात्र सहभागिता और अंतर्राष्ट्रीय शैक्षणिक सहयोग में हुई उल्लेखनीय वृद्धि की भी जानकारी दी। पिछले वर्ष के दौरान, बीआईटी मेसरा ने लगभग 250 पूर्व छात्रों की भागीदारी वाले तीन प्रमुख पुनर्मिलन कार्यक्रमों की मेजबानी की और संयुक्त राज्य अमेरिका में आयोजित ग्लोबल एलुमनाई मीट के माध्यम से अपनी वैश्विक पहुंच को और मजबूत किया।

बीआईटी मेसरा एलुमनाई एसोसिएशन-नॉर्थ अमेरिका के सहयोग से संस्थान ने अमेरिका के अग्रणी विश्वविद्यालयों के साथ सहयोग की संभावनाओं का पता लगाया और एरिजोना स्टेट यूनिवर्सिटी के साथ एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए। संस्थान के कुलपति और डीन, एलुमनाई एवं अंतर्राष्ट्रीय संबंध को बीआईटी मान-ना बोर्ड के पदेन सदस्यों के रूप में भी शामिल किया गया।

बीआईटी मेसरा ने संयुक्त अनुसंधान, शैक्षणिक कार्यक्रमों, डॉक्टरेट मार्गदर्शन और संकाय आदान-प्रदान को बढ़ावा देने के लिए आईआईटी खड़गपुर के साथ एक रणनीतिक समझौते पर भी हस्ताक्षर किये। पूर्व छात्रों और कॉपोर्रेट भागीदारों के सहयोग से संस्थान में कई महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचा और अनुसंधान पहलों को गति मिली है।

इनमें मदन मोहन मोहनका सेंटर, एलएंडटी टेक्नोलॉजी सर्विसेज द्वारा समर्थित इलेक्ट्रिक व्हीकल लैब और एप्लाइड डेटा साइंस सुविधाएं तथा 2003 बैच के सहयोग से स्थापित प्रयोगशालाएं, सज्जन अग्रवाल के सहयोग से परिसर के नेटवर्क और अनुसंधान एवं विकास संबंधी उन्नयन, तथा रामा मारदा फाउंडेशन द्वारा समर्थित विभिन्न पहल शामिल हैं।

शैक्षणिक प्रतिभाओं को आकर्षित करने, प्रोत्साहित करने और सम्मानित करने के उद्देश्य से नए फैकल्टी चेयर्स भी स्थापित किये गये हैं। हमारे वैश्विक पूर्व छात्र समुदाय, कॉर्पोरेट भागीदारों और बीआईटी मेसरा के नेतृत्व के बीच उल्लेखनीय समन्वय संस्थान को वैश्विक शैक्षणिक उत्कृष्टता के एक नए युग की ओर अग्रसर कर रहा है।

उन्नत प्रयोगशालाओं, अनुसंधान केंद्रों और अंतर्राष्ट्रीय विश्वविद्यालय साझेदारियों के विकास हेतु किए गए उदार योगदान यह सुनिश्चित करने में सहायक होंगे कि हमारे विद्यार्थी और संकाय सदस्य प्रौद्योगिकी और नवाचार के क्षेत्र में अग्रणी बने रहें, प्रो श्रद्धा शिवानी, डीन, एलुमनाई एवं अंतर्राष्ट्रीय संबंध, बीआईटी मेसरा ने कहा।
72वां स्थापना दिवस समारोह उन लोगों, उपलब्धियों और मूल्यों को सम्मानित करेगा, जिन्होंने बीआईटी मेसरा की यात्रा को आकार दिया है। 

साथ ही, यह शैक्षणिक उत्कृष्टता, अनुसंधान, नवाचार, उद्यमिता और वैश्विक सहयोग के प्रति संस्थान की प्रतिबद्धता को पुन: सुदृढ़ करेगा। यह आयोजन संस्थान की गौरवशाली विरासत पर चिंतन करने तथा आने वाले वर्षों में उसके निरंतर विकास और प्रभाव की दिशा निर्धारित करने का महत्वपूर्ण मंच बनेगा।

विज्ञापन

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ 24 अपने सभी पाठकों और प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और विश्वास के लिए धन्यवाद।

विज्ञापन

© 2026 ABN News 24. All Rights Reserved.

कुल पाठक (Total Visitors): 30,914