टीम एबीएन, रांची। झारखंड हाईकोर्ट के सेवानिवृत्त न्यायाधीश जस्टिस अमिताव कुमार गुप्ता ने मंगलवार को राज्य के नये लोकायुक्त के रूप में शपथ ली। राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने राजभवन स्थित लोक भवन में आयोजित समारोह में उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलायी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
जस्टिस अमिताव कुमार गुप्ता को 16 अप्रैल को झारखंड का लोकायुक्त नियुक्त किया गया था। राज्य में लोकायुक्त का पद पिछले कई वर्षों से रिक्त था। हाल ही में झारखंड हाईकोर्ट ने राज्य सरकार को लोकायुक्त सहित अन्य संवैधानिक पदों की नियुक्ति प्रक्रिया को शीघ्र पूरा करने का निर्देश दिया था।
31 मई 1959 को जन्मे जस्टिस गुप्ता ने दिल्ली विश्वविद्यालय के कैंपस लॉ सेंटर से एलएलबी की डिग्री प्राप्त की और वहीं से स्नातकोत्तर अध्ययन भी किया। उन्होंने 11 जून 1997 को बिहार न्यायिक सेवा में अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश के रूप में अपने करियर की शुरुआत की थी।
वर्ष 2013 में उन्हें झारखंड हाईकोर्ट का अतिरिक्त न्यायाधीश नियुक्त किया गया, जहां उन्होंने सेवा दी और 30 मई 2021 को सेवानिवृत्त हुए। अब उन्हें राज्य के लोकायुक्त की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गयी है।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse