टीम एबीएन, रांची। शनिवार को जीतो (जेआईटीओ जैन इंटरनेशनल ट्रेड आॅगेर्नाइजेशन) के एक प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार से शिष्टाचार भेंट कर उन्हें 9 अप्रैल 2026 को आयोजित होने वाले विश्व नवकार महामंत्र दिवस (द्वितीय संस्करण) हेतु सादर आमंत्रित किया।
यह आयोजन विश्व स्तर पर एक साथ मनाया जाएगा, जिसमें विश्व शांति एवं समृद्धि के लिए णमोकार मंत्र का सामूहिक जाप किया जायेगा। णमोकार मंत्र एक सार्वभौमिक मंत्र है, जिसमें किसी एक धर्म विशेष का उल्लेख नहीं है, अत: इसे सभी धर्मों के लोग श्रद्धा के साथ उच्चारित कर सकते हैं।
मौके पर जीतो के अध्यक्ष विशाल जैन ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे इस पावन दिवस पर अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता कर इस आध्यात्मिक अभियान का हिस्सा बनें।
रांची में यह कार्यक्रम मारवाड़ी भवन, हरमू रोड में प्रात: 8:01 बजे से 9:36 बजे तक आयोजित होगा। जो व्यक्ति इस समय कार्यक्रम स्थल पर उपस्थित नहीं हो सकते, वे जहां भी हों, उसी समय णमोकार मंत्र का जाप कर इस वैश्विक आयोजन से जुड़ सकते हैं।
प्रतिनिधिमंडल में चीफ सेक्रेटरी सर्वेश जैन, लेडीज विंग की चीफ सेक्रेटरी एकता बड़जात्या, यूथ विंग चेयरपर्सन नितेश जैन एवं राकेश बछावत शामिल थे। उक्त जानकारी विशाल जैन (9431103355) ने दी।