झारखंड से मुंबई और अजमेर का सफर अब आसान! रेलवे ने चलायी स्पेशल ट्रेनें, यात्रियों को बड़ी राहत
एबीएन सेंट्रल डेस्क। गर्मियों की छुट्टियों में यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने बड़ी राहत दी है। झारखंड की राजधानी रांची से मुंबई, बंगाल और अजमेर जाने वाले यात्रियों के लिए स्पेशल ट्रेनों का ऐलान किया गया है। इससे सफर पहले से ज्यादा आसान और सुविधाजनक हो जायेगा।
रांची और आसपास के इलाकों से मुंबई जाने वाले यात्रियों के लिए रेलवे ने खास इंतजाम किया है। हटिया से लोकमान्य तिलक टर्मिनस (मुंबई) के बीच साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन चलायी जायेगी।
ट्रेन नंबर 08609 (हटिया-लोकमान्य तिलक टर्मिनस स्पेशल)
यह ट्रेन 6 अप्रैल से 29 जून तक हर सोमवार को हटिया से शाम 4:20 बजे चलेगी। रास्ते में राउरकेला, बिलासपुर, नागपुर, भुसावल, मनमाड़ और कल्याण जैसे स्टेशनों पर रुकेगी और बुधवार को रात 12:40 बजे मुंबई पहुंचेगी।
वापसी ट्रेन 08610 (लोकमान्य तिलक टर्मिनस-हटिया)
यह ट्रेन 8 अप्रैल से 1 जुलाई तक हर बुधवार को सुबह 5:00 बजे मुंबई से चलेगी और गुरुवार शाम 6:00 बजे हटिया पहुंचेगी। इस स्पेशल ट्रेन में कुल 22 कोच होंगे, जिनमें जनरल, स्लीपर और एसी कोच शामिल हैं, ताकि यात्रियों को आरामदायक सफर मिल सके।
अजमेर और बंगाल के लिए भी राहत
- रेलवे ने सांतरागाछी से अजमेर जाने वाली साप्ताहिक समर स्पेशल ट्रेन (08611/08612) की अवधि भी बढ़ा दी है।
- 08611 ट्रेन हर सोमवार (6 अप्रैल से 29 जून) सांतरागाछी से चलेगी।
- 08612 ट्रेन हर गुरुवार (9 अप्रैल से 2 जुलाई) अजमेर से चलेगी।
- इस ट्रेन का रूट, समय और ठहराव पहले जैसा ही रहेगा।
गिधनी स्टेशन पर अस्थायी ठहराव
- श्रीश्री ठाकुर अनुकूल चंद्र स्मरणोत्सव के मौके पर कुछ ट्रेनों का गिधनी स्टेशन पर 2 मिनट का अस्थायी ठहराव होगा।
- 22891 हावड़ा-रांची इंटरसिटी एक्सप्रेस: 15 से 18 अप्रैल तक दोपहर 3:12 बजे पहुंचेगी और 3:14 बजे रवाना होगी।
- 22892 रांची-हावड़ा इंटरसिटी एक्सप्रेस: 15 से 18 अप्रैल तक दोपहर 12:15 बजे पहुंचेगी और 12:17 बजे रवाना होगी।