टीम एबीएन, रांची। राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा कानून के तहत दो माह का अनाज वितरण नहीं करने पर रांची के उपायुक्त छवि रंजन ने कड़ी कार्रवाई करते हुए जिले के 15 अफसरों के वेतन पर रोक लगा दी है। इनमें दो सहायक जिला आपूर्ति पदाधिकारी, दो पणन पदाधिकारी और शेष प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी शामिल हैं। जुलाई एवं सितंबर 2021 में आवंटित चीनी और नमक का शतप्रतिशत वितरण नहीं करने पर उपायुक्त ने भारी नाराजगी जताई। कार्य में लापरवाही पर संबंधित एएसओ, बीएसओ और एमओ के वेतन पर रोक लगाने का आदेश दिया।
उपायुक्त ने कहा है कि कार्य में किसी तरह लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कोरोनाकाल में ससमय खाद्यान्य का उठाव और वितरण सुनिश्चित कराएं। खाद्यान्न वितरण में अच्छा कार्य करने वाले प्रखंडों की उपायुक्त ने प्रशंसा भी की। वह बुधवार को खाद्य आपूर्ति की समीक्षा कर रहे थे। बैठक के दौरान उपायुक्त ने पीएमजीकेवाई और राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत आवंटित खाद्यान्न वितरण की समीक्षा की। उन्होंने प्रखंडवार सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों से आवंटित खाद्यान्न का ससमय शत-प्रतिशत वितरण सुनिश्चित करने का आदेश दिया।