गैस सिलिंडर की बुकिंग के लिए एजेंसियों ने बदला समय, इस नंबर पर करें कॉल; नोट कर लें ये टाइम
एबीएन सेंट्रल डेस्क। इंडेन, भारत गैस और एचपी गैस कंपनी उपभोक्ताओं के सिलिंडर की बुकिंग रजिस्टर्ड कॉल के माध्यम से करती हैं लेकिन, होली के बाद एक तरफ बुकिंग की अवधि बढ़ा दी गयी है तो दूसरी ओर गैस किल्लत के बीच तीन दिन से सर्वर फेल है।
बुकिंग नहीं होने के कारण उपभोक्ता खाली सिलिंडर लेकर एजेंसी से गोदाम तक दौड़ रहे हैं। उन्हें गैस नहीं मिल रही हैं। बुधवार को हजारों उपभोक्ता बुकिंग नहीं होने पर एजेंसी और गोदाम पर सिलिंडर के लिए भटकते नजर आये। ऐसे में अब समय निर्धारित किए जाने से परेशानी और बढ़ सकती है।
गैस सिलिंडर की बुकिंग करानी है तो सुबह पांच बजे जागें, क्योंकि सुबह 5 से 7 और रात में 8 से 12 बजे तक ही फोन से बुकिंग होगी। सुबह 7 से रात 8 बजे तक करीब 13 घंटे बुकिंग बंद रहेगी। बुकिंग भी सिर्फ उन्हीं उपभोक्ताओं की होगी, जिन्हें पिछले सिलिंडर की डिलीवरी लिए 25 दिन से अधिक हो चुके हैं। गैस संकट के बीच ऐसे नोटिस एजेंसियों पर चस्पा कर दिये गये हैं।
शहर में 50 हजार से अधिक एलपीजी गैस सिलिंडर उपभोक्ता परेशान हैं। घर में गैस नहीं होने से चाय, नाश्ता से लेकर सुबह और रात का खाना बनाने के लिए परेशान हैं। जिले में 13 लाख से अधिक उपभोक्ता हैं। इनमें करीब एक लाख उपभोक्ताओं की बुकिंग अधर में फंस गयी है। वहीं, एक लाख से अधिक उपभोक्ता ऐसे हैं जिन्होंने केवाईसी नहीं करायी है, वो भी परेशान हैं।
एलपीजी भरपूर, मत हों परेशान
आईओसी जिला नोडल अधिकारी विनीत कुमार ने बताया कि जिले में एलपीजी की कोई कमी नहीं है। गोदाम भरे हुए हैं। लोग अनावश्यक बुकिंग करा रहे हैं। इसके कारण सर्वर प्रभावित हो रहा है। इससे सिलिंडर आपूर्ति में भी दिक्कत आ रही है। अनावश्यक बुकिंग से बचें।
गैस न मिलने पर यहां करें शिकायत
- इंडेन और एचपी गैस ग्राहक सेवा टोल फ्री नंबर - 18002333555
- भारत गैस ग्राहक सेवा टोल फ्री नंबर - 1800224344
बुकिंग के बाद 24 घंटे में दे रहे सिलिंडर
आल इंडिया एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर्स फेडरेशन के अध्यक्ष विपुल पुरोहित ने कहा कि सर्वर की दिक्कत से बुकिंग नंबर और कंप्यूटर कार्य नहीं कर रहे हैं। बुकिंग के बाद 24 घंटे में सिलिंडर की आपूर्ति कर रहे हैं। बुकिंग के बाद डीएसी नंबर मिलता है, ये नहीं होने पर सिलिंडर आपूर्ति नहीं कर सकते हैं।