महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार का विमान हादसे में निधन, सीएम हेमंत सोरेन ने जताया गहरा दुख
टीम एबीएन, रांची। महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार के बारामती में हुए विमान हादसे में आकस्मिक निधन के बाद राजनीतिक गलियारों में शोक की लहर दौड़ गयी है। वहीं, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने इस घटना पर गहरा दुख जताया है।
अजीत पवार का आकस्मिक निधन अपूरणीय क्षति
सीएम हेमंत ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा, महाराष्ट्र के बारामती में प्लेन क्रैश में महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री अजीत पवार समेत अन्य लोगों के आकस्मिक निधन का अत्यंत हृदय विदारक समाचार मिला। स्व अजीत जी का आकस्मिक निधन महाराष्ट्र की राजनीति के लिए अपूरणीय क्षति है।
उन्होंने भारी संवेदना व्यक्त करते हुए आगे कहा मरांग बुरु दिवंगत अजीत जी तथा अन्य लोगों की आत्मा को शांति प्रदान कर शोकाकुल परिवारजनों, पार्टी कार्यकर्ताओं और शुभचिंतकों को दु:ख की यह विकट घड़ी सहन करने की शक्ति दे।
इस हादसे में कुल 5 लोगों की मौत
बता दें कि महाराष्ट्र के बारामती में एक बड़ा हादसा हुआ है, जहां उपमुख्यमंत्री अजित पवार का विमान लैंडिंग के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में अजित पवार की मौत हो गयी। हादसे की खबर मिलते ही बारामती समेत पूरे महाराष्ट्र में शोक की लहर दौड़ गयी।
खुद पीएम नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह ने सीएम फडणवीस से घटना की जानकारी ली। इस हादसे में कुल 5 लोगों की मौत हुई है। अजित पवार आज बारामती में जिला परिषद चुनाव से जुड़ी कई जनसभाओं और कार्यक्रमों में शिरकत करने वाले थे, लेकिन गंतव्य तक पहुंचने से पहले ही यह हादसा हो गया।