नगर निगम चुनाव की घोषणा
23 फरवरी को मतदान, 27 फरवरी को होगी मतगणना
टीम एबीएन, रांची। राज्य निर्वाचन आयोग, झारखंड ने नगर निगम (नगरपालिका) आम चुनाव 2026 की औपचारिक घोषणा कर दी है। आयोग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार चुनाव प्रक्रिया निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरी की जायेगी। इसके साथ ही राज्य में आदर्श आचार संहिता प्रभावी हो गयी है।
चुनाव प्रक्रिया की शुरुआत
- आयोग के अनुसार नगर निगम चुनाव की प्रक्रिया 28 जनवरी 2026 से शुरू होगी।
- नामांकन दाखिल करने की तिथि: 29 जनवरी से 4 फरवरी 2026
- नामांकन पत्रों की संवीक्षा: 5 फरवरी 2026
- नाम वापस लेने की अंतिम तिथि: 6 फरवरी 2026
- निर्वाचन प्रतीक आवंटन: 7 फरवरी 2026
मतदान की तिथि
नगर निगम चुनाव के लिए 23 फरवरी 2026 (सोमवार) को मतदान कराया जायेगा। मतदान का समय सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक निर्धारित किया गया है। आयोग ने शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन को आवश्यक तैयारियां करने के निर्देश दिये हैं।
मतगणना
चुनाव परिणामों की घोषणा 27 फरवरी 2026 (शुक्रवार) को होगी। मतगणना सुबह 8 बजे से शुरू होगी। इसी दिन यह स्पष्ट हो जायेगा कि नगर निगम की कमान किसके हाथों में जायेगी।
प्रशासनिक तैयारियां तेज
राज्य निर्वाचन आयोग ने सभी जिलों के संबंधित अधिकारियों को दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। आयोग ने कहा है कि चुनाव प्रक्रिया निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी होगी।
चुनाव से जुड़ी खास बातें
- आरक्षण की स्थिति : 9 जनवरी को जारी नई आरक्षण सूची के आधार पर ही चुनाव होगा।
- मेयर पद : इस बार रांची नगर निगम का मेयर पद अनुसूचित जनजाति (एसटी) के लिए आरक्षित है।