टीम एबीएन, रांची। जामताड़ा और देवघर जिलों में साइबर अपराधों में शामिल होने के आरोप में 9 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी। एक आधिकारिक बयान में बताया गया कि सूचना के आधार पर पुलिस की एक टीम ने मंगलवार को जामताड़ा के हीरापुर में एक उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय के पास छापा मारा और आनलाइन धोखाधड़ी में लिप्त पांच साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने बताया कि उन पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। बयान में कहा गया है कि उनके पास से 12 सिम कार्ड और नौ मोबाइल फोन बरामद किये गये हैं।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार अपराधी वित्तीय लेनदेन की सुविधा देने वाले ऐप के जरिए लोगों की निजी एवं गोपनीय जानकारी हासिल करते थे और फिर आनलाइन माध्यम से उन्हें ठगते थे। वे यह धोखाधड़ी मुख्य रूप से ओडिशा, पश्चिम बंगाल, मध्य प्रदेश और झारखंड में करते थे।
पुलिस के बयान के अनुसार, गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों में से एक व्यक्ति के खिलाफ फरवरी 2024 में भी साइबर अपराधों का आरोप लगाया गया था। पुलिस उपाधीक्षक (साइबर) राजा मित्रा ने बताया कि पड़ोसी देवघर जिले में एक अन्य अभियान के दौरान पुलिस ने साइबर अपराधों में संलिप्तता के आरोप में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया।
उन्होंने बताया कि सूचना मिलने पर सारथ पुलिस थाने की एक टीम ने सोमवार को पूर्णिकरहैया के पास छापा मारा और चार अपराधियों को गिरफ्तार किया। मित्रा ने बताया कि छापेमारी के दौरान चार मोबाइल फोन और तीन सिम कार्ड जब्त किये गये। उन्होंने बताया कि इनमें से एक व्यक्ति साइबर अपराध के एक मामले में पहले से आरोपी था।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse